चंडीगढ़, नौ जून पंजाब के मोगा जिले में एक व्यक्ति ने पुलिस दल पर गोलीबारी की जिसमें एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
घटना मोगा के खोसा पंडो गांव में सोमवार देर रात को हुई।
अधिकारियों ने बताया कि गुरविंदर नामक व्यक्ति के चाचा द्वारा कथित तौर पर गेहूं का भूसा जलाने की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस उसके घर गई थी।
मोगा के पुलिस उपाधीक्षक बरजिंदर सिंह ने कहा कि जब पुलिस गुरविंदर के घर पहुंची तो उसने पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और अपशब्द कहे।
डीएसपी ने कहा कि जब उसे पकड़ने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया तो गुरविंदर ने अपने घर की छत से गोलीबारी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि इस हमले में हेड कांस्टेबल जगमोहन सिंह की मौत हो गई और निरीक्षक तरलोचन सिंह और कांस्टेबल रिधम सिंह घायल हो गए।
डीएसपी ने कहा कि गुरविंदर ने पुलिस दल पर 20 से अधिक गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायर किया।
उन्होंने कहा कि गुरविंदर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लाया गया, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।
मुठभेड़ में आरोपी को भी गोली लगी और उसे बाद में फरीदकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीएसपी ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY