देश की खबरें | दिल्ली के बुराड़ी में चार मंजिला इमारत गिरी, 10 लोगों को निकाला गया

नयी दिल्ली, 27 जनवरी उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में ऑस्कर पब्लिक स्कूल के पास सोमवार शाम चार मंजिला एक इमारत ढह गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

दमकल सेवा के अधिकारी ने बताया कि मलबे से 10 लोगों को निकाला गया है और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने 14 और छह साल की दो लड़कियों को बचाया और उन्हें अस्पताल ले गई’’

इसमें कहा गया, ‘‘शाम 6:58 बजे सूचना मिली। बचाव अभियान जारी है। पुलिस, अग्निशमन, डीडीएमए (दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के कर्मी मौके पर मौजूद हैं। अब तक 10 लोगों को निकाल कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।’’

उन्होंने बताया कि बचाव कार्य में मदद के लिए नौ दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं।

पुलिस ने अन्य किसी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘यह घटना बेहद दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिया गया है कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तुरंत वहां जाएं और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों की भी हरसंभव मदद करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)