प्रयागराज, 17 जुलाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सामने स्थित महाधिवक्ता कार्यालय के डाक्टर भीमराव अंबेडकर भवन में रविवार की सुबह आग लग गई जिसे बुझाने के लिए सेना की दमकल की गाड़ियों समेत 18 दमकल की गाड़ियां लगाई गई है।
जिलाधिकारी संजय खत्री ने बताया कि महाधिवक्ता कार्यालय में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की 18 गाड़ियां लगाई गई है। उन्होंने बताया कि आठवीं मंजिल तक आग पर काबू पा लिया गया है और नौवीं मंजिल पर आग बुझाने का काम जारी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि पांचवीं से आठवीं मंजिल तक आग पूरी तरह से बुझा ली गई है और नौवीं मंजिल पर भी आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन नौवीं मंजिल पर कहीं कहीं धुंआ निकलता दिखाई दे रहा है। फाइलों को हटाकर आग को पूरी तरह से बुझाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान पांच पुलिसकर्मियों को हाथ में मामूली चोटें आई हैं और कुछ कर्मियों को धुंए से परेशानी हुई है। हालांकि सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है और अब वे ठीक हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे डाक्टर भीमराव अंबेडकर भवन में आग लगी। इसी भवन में महाधिवक्ता का कार्यालय स्थित है।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए जनपद के अग्नि शमन विभाग के फायर टेंडर्स के अलावा आसपास के जनपदों प्रतापगढ़ और कौशांबी से भी फायर टेंडर्स लगाए गए हैं। साथ ही आर्मी और एयरफोर्स के भी फायर टेंडर्स लगाए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ने बताया कि भवन की पांचवी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी लेकिन आग की लपटें ऊपरी मंजिल पर भी पहुंच गईं। दोपहर तक पांचवी, छठी, सातवीं और आठवीं मंजिल पर आग पर काबू पा लिया गया था।
उन्होंने कहा कि आग किन कारणों से लगी, यह अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस की टीम इसकी जांच करेगी।
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। रविवार को लखनऊ में जारी एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने महाधिवक्ता कार्यालय, प्रयागराज के भवन में आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए बचाव एवं राहत कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गंभीर रुख अपनाते हुए आग लगने के कारणों की जांच करने के लिए एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक (नगर), अपर जिलाधिकारी (नगर), मुख्य अग्निशमन अधिकारी, एडिशनल एलआर प्रयागराज तथा उप निदेशक विद्युत सुरक्षा की सदस्यता में एक कमेटी गठित की गई है।
इसमें कहा गया है कि यह कमेटी जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आग लगने के कारणों के सम्बन्ध में आज शाम तक रिपोर्ट देगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY