पणजी, पांच अप्रैल गोवा में इजराइली मादक पदार्थ तस्कर यानिव बेनाइम उर्फ अटाला को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से चरस और कोकीन बरामद की गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह इजराइली नागरिक 2010 में तब चर्चा में आया था जब उसके द्वारा दिए गए बयानों से तटीय राज्य में कथित पुलिस-राजनेता-मादक पदार्थ तस्कर गठजोड़ का खुलासा हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ ने उत्तरी गोवा के सिओलिम गांव में अटाला के आवास पर शुक्रवार रात को छापेमारी कर 110 ग्राम चरस और 50 ग्राम कोकीन जब्त की थी। इनकी कुल कीमत नौ लाख रुपये से अधिक है।
उन्होंने बताया कि अटाला के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गोवा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थ तस्कर कुछ दिन से पुलिस की रडार पर था।
उन्होंने बताया कि इजराइली नागरिक अगस्त 2010 में जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया था, लेकिन जनवरी 2011 में उसे पेरू में गिरफ्तार कर लिया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY