देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के एक बौद्ध भिक्षु बोधगया में मृत पाए गए

गया, 10 अगस्त बिहार में गया जिले के बोधगया थाना अंतर्गत काली मंदिर के पास आंध्र प्रदेश के एक बौद्ध भिक्षु का शव बृहस्पतिवार को एक पेड़ से लटका पाया गया।

मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के पंचवटी आश्रम क्षेत्र के निवासी हावर्ड डेविड संजीव (43) के रूप में हुई है।

बोधगया थानाध्यक्ष (एसएचओ) रूपेश कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से कहा, “काली मंदिर के पास एक पेड़ से लटके शव को सबसे पहले सुबह टहलने वालों ने देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।’’

उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सभी उपलब्ध साक्ष्य एकत्र किये। मौके से एक बैग भी बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस था। दस्तावेज से मृतक की पहचान नेल्लोर जिले के पंचवटी आश्रम क्षेत्र के निवासी हावर्ड डेविड संजीव के रूप में हुई।

सिन्हा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)