खेल की खबरें | समर्थ व्यास के 97 रन, सौराष्ट्र ने बड़ौदा को चार विकेट से हराया

इंदौर, 12 अक्टूबर सौराष्ट्र ने समर्थ व्यास के 52 गेंद में 97 रन से बुधवार को यहां सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के ग्रुप डी मुकाबले में बड़ौदा पर चार विकेट से जीत दर्ज की।

बड़ौदा ने चार विकेट पर 175 रन का स्कोर बनाया जिसका पीछा करते हुए व्यास के बूते सौराष्ट्र को टूर्नामेंट में इतने बड़े लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। व्यास की पारी में नौ छक्के और पांच चौके शामिल रहे।

अंतिम आठ ओवर में सौराष्ट्र को जीत के लिये 96 रन की दरकार थी और इस 26 साल के खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने पहले चौके से अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर 14वें ओवर में दो छक्के जड़कर 20 रन जोड़े।

फॉर्म में चल रहे व्यास ने जय गोहिल (नाबाद 17 रन) के साथ मिलकर अगले दो ओवर में 45 रन जोड़े। इन दोनों ने चार छक्के और तीन चौके लगाये।

व्यास अपने शतक से महज तीन रन से चूक गये।

इससे पहले मितेश पटेल और विष्णु सोलंकी ने शानदार अर्धशतक से बड़ौदा को चार विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में मदद की।

इन दोनों ने 48 रन की भागीदारी से मजबूत मंच प्रदान किया। फिर भानु पानिया ने नाबाद 26 और क्रुणाल पंड्या ने 15 गेंद में नाबाद 17 रन बनाये।

एक अन्य दिन रात्रि मैच में बिहार ने कम स्कोर वाले मैच में नगालैंड को छह विकेट से हराया।

वहीं आंध्र और हिमाचल प्रदेश के बीच मैच एक भी गेंद खेले बिना रद्द हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)