देश की खबरें | कर्नाटक में ग्राम पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में 80.71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 27 दिसंबर कर्नाटक में ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए रविवार को हुए मतदान में शाम पांच बजे तक 80.71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वोटों की गिनती 30 दिसंबर को होनी है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिए 80.71 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। आयोग ने बताया कि राज्य में मतदान कुल मिलाकार शांतिपूर्ण रहा।

आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। राज्य के 109 तालुकाओं की 2,709 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, 39,378 सीटों के लिए 1,05,431 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि कुल 3,697 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

राज्य में 22 दिसंबर को पहले चरण का मतदान हुआ था। दोनों चरणों में राज्य के 226 तालुकाओं के 5,728 गांवों की 72,616 सीटों के लिए मतदान हुआ।

कोविड​​-19 महामारी को देखते हुए मास्क पहनने और सामाजिक दूरी के नियम को अनिवार्य किया गया था। प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1,500 से घटाकर 1,000 तक सीमित कर दी गई थी।

अंतिम चरण के लिए लगभग 80,000 पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। उनके अलावा, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)