देहरादून, 15 अगस्त उत्तराखंड में रविवार को 75 वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया और यहां पुलिस लाइंस में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिरंगा फहराया।
धामी ने इस मौके पर अपने संबोधन में दिवंगत पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा की स्मृति में उनके नाम से प्रकृति संरक्षण पुरस्कार शुरू करने तथा 10 वीं और 12 वीं कक्षाओं के छात्रों को नि:शुल्क टैबलेट देने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने आजादी को महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का प्रतिफल बताया और कहा कि इसी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और देश को एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी 130 करोड़ भारतवासियों को अपना हाथ बढ़ाना होगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत बहुगुणा के प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में ‘सुंदर लाल बहुगुणा प्रकृति संरक्षण पुरस्कार’ शुरू किया जा रहा है जिसके तहत दो लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
धामी ने राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10 और 12 के छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई को और सुगम बनाने के लिए उन्हें नि:शुल्क टैबलेट देने की भी घोषणा की और कहा कि इन टैबलेट में सभी शिक्षण सामग्री पहले से अपलोड रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से बच्चों को बचाने के लिए उन्हें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली खाद्य सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य की संस्कृति और ओं के अध्ययन एवं शोध के लिए राज्य एवं संस्कृति अकादमी की स्थापना करने, बडे़ शहरों जैसे देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और हल्द्वानी में यातायात समस्या के निस्तारण के लिए आउटर रिंग रोड बनाने, देहरादून के रायपुर क्षेत्र में स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल विश्वविद्यालय बनाने का प्रयास करने तथा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत नगरीय क्षेत्रों में बेघर लोगों के लिए लगभग 25 हजार घर बनाने की भी घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY