विदेश की खबरें | नेपाल में 2015 में भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त 71 विरासत स्थलों की मरम्मत की गई : रिपोर्ट
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

काठमांडू, 14 जून नेपाल में वर्ष 2015 में आए विनाशकारी भूकंप से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए पशुपतिनाथ क्षेत्र के कम से कम 71 विरासत स्थलों की मरम्मत कर दी गई है। बुधवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

‘माई रिपब्लिका’ अखबार की खबर में कहा गया है कि यूनेस्को की विश्व विरासत सूची के अंतर्गत आने वाले पशुपतिनाथ क्षेत्र के 90 विरासत स्थल 2015 के भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गए थे।

पशुपति क्षेत्र विकास ट्रस्ट के कार्यकारी निदेशक डॉ. घनश्याम खातीवाड़ा ने कहा, ‘‘अप्रैल 2015 में आए भूकंप से पशुपतिनाथ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुए 71 विरासत स्थलों की मरम्मत की गई है।’’

नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित पशुपतिनाथ मंदिर एक प्रसिद्ध हिंदू मंदिर है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि मरम्मत किए गए विरासत स्थलों में जयबागेश्वरी मंदिर, महास्नानघर, कुलानंद झा सत्ताल, सेतो सत्ताल, लाल गणेश मंदिर और अमरकांतेश्वर मंदिर आदि शामिल हैं।

विश्वरूप मंदिर का पुन:निर्माण बहुवर्षीय अनुबंध के तहत किया जा रहा है। बहरहाल, 16 विरासत स्थलों का पुनर्निर्माण कार्य अभी शुरू होना है।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2015 में नेपाल में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें करीब 9,000 लोग मारे गए थे और लगभग 22,000 अन्य घायल हुए थे। इस प्राकृतिक आपदा में 8,00,000 से अधिक मकान और स्कूल भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)