देश की खबरें | उप्र पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 60 फीसदी मतदान

लखनऊ, 19 अप्रैल उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत सोमवार शाम पांच बजे तक करीब 60 फीसदी मतदान हुआ।

राज्‍य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में राज्य के 20 जिलों में शाम पांच बजे तक औसतन 60 फीसदी मतदान हुआ। गौतमबुद्ध नगर में सबसे ज्यादा 70.20 फीसदी, वहीं प्रतापगढ़ में सबसे कम 52.12 फीसदी मतदान हुआ। शाम छह बजे तक जो मतदाता मतदान केंद्र के अंदर आ चुके होंगे, उन्हें वोट डालने का मौका दिया जाएगा।

दूसरे चरण में तीन करोड़ 23 लाख मतदाता 2.23 लाख से अधिक पदों के लिए 3.48 लाख से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

यह चरण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्रधानमंत्री के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में भी मतदान हुआ। इनके अलावा दूसरे चरण में अमरोहा, आजमगढ़, इटावा, एटा, कन्नौज, गोंडा, गौतम बुद्ध नगर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, बदायूं, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मैनपुरी, महराजगंज, लखीमपुर-खीरी, ललितपुर और सुल्तानपुर में भी वोट पड़े।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोमवार को इस बार पैतृक गांव सैफई में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव अपने सार्वजनिक जीवन में पहली बार कोविड बीमारी के चलते मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। मुलायम सिंह यादव ने इससे पहले तक हर छोटे बड़े चुनाव में वोट जरूर डाला था।

मुलायम के भतीजे धर्मेंद्र यादव ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सैफई में मतदान के दिन इस बार कोविड के चलते 'नेताजी' अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके।

उधर, सुल्तानपुर की लंभुआ सीट से भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने कहा कि वह वोट नहीं डाल सके क्योंकि मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं था।

द्विवेदी ने 'पीटीआई-' को बताया कि मुझे छोड़कर मेरे परिवार के बाकी सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)