पटना/पूर्णिया, 10 जुलाई बिहार की रूपौली विधानसभा सीट पर बुधवार को हुए उपचुनाव में 57.25 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।इस दौरान पुलिस टीम पर भीड़ क हमले में एक अधिकारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार शाम छह बजे तक कुल 3,13,664 मतदाताओं में से 57.25 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था और शाम छह बजे संपन्न हुआ। मतदान के दौरान विभागीय नियंत्रण कक्ष में कुल 12 शिकायत प्राप्त हुईं, जिनका समय पर निपटान कर दिया गया।
इस बीच पूर्णिया सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पुष्कर कुमार ने कहा, ‘‘भवानीपुर प्रखंड के एक मतदान केंद्र पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें हटने के लिए कहा, तो उन पर पत्थरों व लाठियों से हमला किया गया।’’
एसडीपीओ ने बताया कि झड़प में एक अवर निरीक्षक और एक सिपाही घायल हो गये और इस घटना के कारण कुछ देर के लिए मतदान बाधित रहा।
उन्होंने कहा कि घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया है, स्थानीय पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में रुपौली में 61.19 प्रतिशत मतदान हुआ था।
रूपौली विधानसभा सीट पूर्णिया लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है।
रूपौली से तीन बार विधायक रहीं बीमा भारती कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) छोड़कर राजद में शामिल हो गई थीं। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
भारती ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव से हार गई थीं। अब रूपौली उपचुनाव में भारती राजद की उम्मीदवार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY