ठाणे (महाराष्ट्र), सात अक्टूबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) में 79 नये पदों के सृजन को अनुमति दी है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के तेजी से शहरीकरण और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल मदद की जरूरत को ध्यान में रखते हुए इन पदों का सृजन किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आरडीएमसी के इन नये पदों में कमांडेंट, तीन डिप्टी कमांडेंट और 75 रेस्पांडर्स हैं। इससे निगम पर 4.64 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।’’
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नवनियुक्त नगर आयुक्त अभिजीत बांगर ने आज दिन में आरडीएमसी नियंत्रण कक्ष का दौरा किया।
आरडीएमसी के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि ठाणे शहर में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े चार बजे के बीच 47.49 मिमी बारिश हुई। इस मौसम में अभी तक ठाणे में 2852.73 मिमी बारिश हुई है।
सावंत ने कहा कि पिछले साल मानसून के दौरान 3520.13 मिमी बारिश हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY