देश की खबरें | पंजाब के एसबीएस नगर में ट्रक से 38 किलो हेरोइन बरामद, दो गिरफ्तार : पुलिस

चंडीगढ़, 28 अगस्त पंजाब के शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर में एक ट्रक से 38 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक (लुधियाना क्षेत्र) एसपीएस परमार ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों की एक टीम ने एसबीएस नगर के महलों बाईपास पर एक ट्रक को रोका।

पुलिस ने बताया कि ट्रक की तलाश करने पर वाहन के टूलबॉक्स में छिपाई गई 38 किलो हेरोइन जब्त की गयी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक व उसके साथी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों की पहचान कुलविंदर राम और बिट्टू के रूप में हुई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एसबीएस नगर निवासी कुलविंदर, बिट्टू, राजेश कुमार और सोमनाथ हेरोइन तस्करी में लिप्त हैं।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान कुलविंदर ने बताया कि राजेश ने उसे गुजरात के भुज से हेरोइन लाने को कहा था। उसने बताया कि वह जनवरी में श्रीनगर से 30 किलोग्राम हेरोइन लाया था। पुलिस ने बताया कि उसके बाद उसने दिल्ली से भी एक किलोग्राम हेरोइन लाया था।

पुलिस के अनुसार, राजेश और सोमनाथ को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

उन्होंने बताया कि राजेश पर हत्या, मादक पदार्थ की तस्करी करने और जालसाजी सहित 19 आपराधिक मामले चल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)