देश की खबरें | पूर्वोत्तर के छह राज्यों के लिए आयोजित रोजगार मेला में 321 लोगों को मिले नियुक्ति पत्र

दीमापुर, 16 मई पूर्वोत्तर के आठ में से छह राज्यों के 321 लोगों को नगालैंड में आयोजित ‘रोजगार मेला’ में मंगलवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्हें छह मंत्रालयों और असम राइफल्स में भर्ती के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री प्रतिमा भौमिक ने यहां इम्लियांगर मेमोरियल सेंटर (आईएमसी) में आयोजित साझा रोजगार मेला में नियुक्ति पत्र वितरित किए।

भौमिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हैं, इसलिए 321 नए कर्मचारियों में 67 महिलाएं हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले साल कहा था कि सरकार युवाओं को व्यवस्थित तरीके से रोजगार देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं को रोजगार देना और 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाने का प्रधानमंत्री ने वादा किया है।’’

मंत्री ने युवाओं से कड़ी मेहनत करने और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

साझा रोजगार मेला अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड और त्रिपुरा के लिए आयोजित किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को नवनियुक्त कर्मियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया। वे देश में 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेलों में शामिल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)