नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर हरियाणा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुने जाने के लिए इस सप्ताह होने वाली बैठक से पहले पार्टी के 37 में से 31 विधायकों ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया।
सूत्रों का कहना है कि इन विधायकों की राय थी कि हुड्डा को ही कांग्रेस विधायक दल का नेता होना चाहिए।
पिछली विधानसभा में भी हुड्डा कांग्रेस विधायक दल के नेता थे।
हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर उनके समर्थक विधायकों का तांता उस वक्त लगा जब आगामी शुक्रवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक प्रस्तावित है।
महिला पहलवान और जुलाना से नवनिर्वाचित विधायक विनेश फोगाट भी हुड्डा समर्थक विधायकों में शामिल हैं।
मुख्य विपक्षी कांग्रेस विधायक दल का नेता ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होगा।
हुड्डा के आवास पर जो विधायक नहीं पहुंचे वे पार्टी महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला के समर्थक माने जाते हैं।
इसी साल जून में लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच हुई पहली बड़ी सीधी लड़ाई में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 48 सीट पर जीत दर्ज की जबकि 2019 में उसे 41 सीट मिली थी। कांग्रेस को 37 सीट पर संतोष करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY