देश की खबरें | उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन प्रभावित चाटेन में फंसे 28 लोगों को हवाई मार्ग से निकाला गया

गंगटोक, आठ जून सिक्किम सरकार ने रविवार को हिमालयी राज्य के उत्तरी हिस्से के चाटेन में फंसे तीन बच्चों सहित 28 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाल लिया।

संबंधित क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं जिससे सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया।

चाटेन में फंसे कुछ स्थानीय नागरिकों, टैक्सी चालकों और वहां तैनात सरकारी अधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल निकासी की गुहार लगाई थी, जिस पर प्रशासन ने एक हेलीकॉप्टर किराए पर लेकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की और तीन बच्चों सहित 28 लोगों को सफलतापूर्वक निकाल लिया।’’

उन्होंने कहा कि सभी लोगों को पाक्योंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। अधिकारी ने बताया कि यह राहत और बचाव कार्य राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे समन्वित प्रयासों का हिस्सा है, जो खराब मौसम और भूस्खलन के कारण प्रभावित इलाकों में सड़क संपर्क टूटने की स्थिति को देखते हुए किए जा रहे हैं।

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि आज सुबह पाक्योंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई थी जिसमें पहला हेलीकॉप्टर चाटेन की ओर रवाना हुआ था ताकि वहां से लोगों को निकालने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सभी नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारी बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन की कई घटनाएं हुई हैं, जिससे सड़क और दूरसंचार संपर्क बाधित हो गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)