विदेश की खबरें | श्रीलंका में पर्यटक वीजा पर अवैध रूप से कार्य करने के लिए 21 भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कोलंबो, 13 मार्च श्रीलंकाई अधिकारियों ने पर्यटक वीजा नियमों का उल्लंघन करके देश में अवैध रूप से ऑनलाइन विपणन केंद्र का संचालन कर रहे 21 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। मीडिया में बुधवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है।

‘डेली मिरर’ समाचार पत्र की खबर के अनुसार पर्यटक वीजा पर श्रीलंका आए 24 से 25 वर्ष की आयु के 21 लोगों को आव्रजन व प्रवासन विभाग ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया।

खबर में कहा गया है कि गिरफ्तार किये गये सभी भारतीय नागरिक पुरूष हैं।

खबर के अनुसार प्रारंभिक जांच के बाद, विभाग ने नेगोंबो शहर में एक किराए के मकान पर छापा मारा, जहां गिरफ्तार किए गए लोग एक ऑनलाइन मार्केटिंग केंद्र संचालित करते पाए गए।

रिपोर्ट में कहा गया है कि घर को एक कार्यस्थल में बदल दिया गया था जहां कंप्यूटर एवं अन्य उपकरण लगाए गए थे।

श्रीलंका के कानून के तहत, जो लोग पर्यटक वीजा पर देश का दौरा करते हैं, वे कोई भी वैतनिक या अवैतनिक कार्य नहीं कर सकते।

खबर के अनुसार वे पर्यटक वीजा पर फरवरी और मार्च में श्रीलंका आये थे, उन्हें संबंधित अधिकारियों के आदेश पर वेलिसारा में विभाग के हिरासत केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)