देश की खबरें | मणिपुर के डीजीपी समेत 204 पुलिसकर्मी गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक के लिए चुने गए

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह समेत 204 से अधिक पुलिसकर्मियों को केंद्रीय गृह मंत्री के ‘विशेष अभियान पदक’, 2023 के लिए मंगलवार को चुना गया।

जम्मू कश्मीर में विभिन्न पदों पर सेवा दे चुके और अभी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अमित कुमार भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा स्वीकृत सूची में शामिल हैं।

मणिपुर में मई में जातीय हिंसा भड़कने के बाद इस पूर्वोत्तर राज्य की पुलिस के प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने वाले सिंह को पूर्व में सीआरपीएफ के महानिरीक्षक पद पर काम करते हुए अनुकरणीय प्रदर्शन करने के लिए इस पुरस्कार के वास्ते चुना गया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पदक के लिए चुने गए 204 पुलिसकर्मी सीआरपीएफ, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा 10 राज्यों के हैं।

इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड शामिल हैं।

इस पदक को देने की शुरुआत 2018 में उच्च स्तर की योजना के माध्यम से संचालित अभियानों को मान्यता देने के उद्देश्य से की गई थी, जिनका देश, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सुरक्षा के लिए काफी महत्व होता है और इसका समाज के व्यापक वर्गों की सुरक्षा पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।

यह पुरस्कार आतंकवाद विरोधी, सीमा कार्रवाई, हथियार नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और बचाव कार्यों जैसे क्षेत्रों में विशेष अभियान के लिए प्रदान किया जाता है।

हर वर्ष 31 अक्टूबर को इसकी घोषणा की जाती है।

एक वर्ष में, आमतौर पर पुरस्कार के लिए तीन विशेष अभियानों पर विचार किया जाता है और असाधारण परिस्थितियों में, राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेश पुलिस को प्रोत्साहित करने के लिए पांच विशेष अभियानों तक के लिए पुरस्कार प्रदान किए जा सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)