देश की खबरें | पंजाब में अब भी 1,457 गांव बाढ़ से प्रभावित

चंडीगढ़, 22 जुलाई पंजाब में हाल में हुई भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से 1,457 गांव अभी भी प्रभावित है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तरनतारन, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, होशियारपुर, रूपनगर, कपूरथला, पटियाला, मोगा, लुधियाना, एसएएस नगर, जालंधर, संगरूर, एसबीएस नगर, फाजिल्का, गुरदासपुर, मनसा, बठिंडा और पठानकोट सहित पंजाब के 19 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कुल 27,221 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 170 राहत शिविर लगाए गये हैं जिनमें बाढ़ प्रभावित 4,909 लोगों ने शरण ली है।

राजस्व विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में बाढ़ के कारण 40 लोगों की जान चली गई और 15 लोग घायल हो गए।

पंजाब और हरियाणा के कई जिले हाल में हुई भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

पंजाब के जल संसाधन मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बृहस्पतिवार को राज्य में विभिन्न स्थानों पर नदियों के किनारे दरारों को भरने के काम में तेजी लाने के निर्देश जारी किये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)