विदेश की खबरें | नेपाल में बस हादसे में 14 लोगों की मौत

काठमांडू, 10 मार्च पूर्वी नेपाल में बृहस्पतिवार को एक यात्री बस के एक पहाड़ी सड़क से फिसलकर 300 मीटर नीचे खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे तब हुआ जब 20 यात्रियों को संखुवसावा के मड़ी से झापा के दामक ले जा रही एक बस का चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहाड़ी सड़क से फिसलकर 300 मीटर नीचे जा गिरा।

अधिकारी ने कहा, “हादसे में कम से कम 14 यात्री मारे गए हैं। मृतकों की पहचान होना अभी बाकी है।”

हादसे में मरने वालों में दो बुजुर्ग और एक आठ साल का बच्चा शामिल है।

पुलिस ने कहा कि गंभीर रूप से घायल सभी पांच लोगों को इलाज के लिए नेपाल सेना के हेलीकॉप्टर से धरन के बीपी कोइराला इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज ले जाया गया है।

अधिकारी ने कहा, “यात्री बस पहाड़ी सड़क से 300 मीटर की गहराई में गिरी। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने में जुटी है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)