नयी दिल्ली, 28 मार्च राज्यसभा में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सदस्य संदीप कुमार पाठक ने सरकार से हवाई किराये को विनियमित करने की मांग करते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न महाकुंभ के दौरान, विमानन कंपनियों ने हवाई टिकट के लिए 50,000 रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक वसूले जबकि सामान्य तौर पर यह 5,000 रुपये में मिलता है।
पाठक ने उच्च सदन में, वायुयान वस्तुओं में हित संरक्षण विधेयक, 2025 पर हुयी चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि विमानन कंपनियों ने लोगों की धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर महाकुंभ के लिए हवाई किराये में मनमाने तरीके से वृद्धि की। उन्होंने कहा कि इसे विनियमित करना सरकार का कर्तव्य है।
विधेयक पर चर्चा में भाग लेने वाले लगभग सभी अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न अवसरों पर भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा हवाई टिकटों में भारी वृद्धि का मुद्दा उठाया।
तृणमूल कांग्रेस सदस्य प्रकाश चिक बराइक ने भी महाकुंभ के दौरान हवाई किरायों में भारी वृद्धि का मुद्दा उठाया और कहा कि विमानन कंपनियों ने हवाई किराये के लिए 50,000 रुपये तक वसूले और सरकार ने इसे नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया।
द्रमुक सदस्य पी विल्सन ने कहा कि केवल दो साल में हवाई किराये में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, क्योंकि विमानन कंपनियां मांग में हेरफेर कर रही हैं, कृत्रिम रूप से कमी पैदा कर रही हैं और लाभ के लिए यात्रियों का शोषण कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार चेन्नई और दिल्ली के बीच हवाई किराया 70,000 रुपये तक होता है। उन्होंने कहा कि विमानन कंपनियां टिकट रद्द करने के लिए 8,000 रुपये लेती हैं, लेकिन उनकी सीटों और शौचालयों का उचित रखरखाव नहीं किया जाता है।
वाईएसआरसीपी सदस्य अयोध्या रामी रेड्डी आला ने भी हवाई किराये को युक्तिसंगत बनाने की मांग की। यहां तक कि भाजपा सदस्य सीमा द्विवेदी ने भी विमानन क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘कभी-कभी हवाई किराया बढ़ जाता है। मुझे नहीं पता कि किन परिस्थितियों के कारण ऐसा होता है, लेकिन कभी-कभी हवाई किराये में मामूली वृद्धि होती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय मंत्री जी से अनुरोध करती हूं कि वे गौर करें कि इसके क्या कारण हैं... आप निश्चित रूप से इसे नियंत्रित करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY