Tariff for Hollywood Movies: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला! अमेरिका से बाहर बनने वाली फिल्मों पर लगेगा 100% टैरिफ, बोले, 'हमारी फिल्म इंडस्ट्री मर रही है'
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चौंकाने वाला ऐलान किया है. इस बार उनका निशाना हॉलीवुड और ग्लोबल फिल्म इंडस्ट्री है.
Trump on Hollywood Movies: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चौंकाने वाला ऐलान किया है. इस बार उनका निशाना हॉलीवुड और ग्लोबल फिल्म इंडस्ट्री है. ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका के बाहर बनी सभी फिल्मों पर 100% टैरिफ (आयात कर) लगाया जाएगा. उनका कहना है कि अमेरिकी फिल्म इंडस्ट्री बहुत तेजी से खत्म होती जा रही है. इसकी एक बड़ी वजह विदेशी देशों द्वारा दिए जा रहे भारी-भरकम इंसेंटिव्स हैं, जो अमेरिकी फिल्म निर्माताओं को बाहर शूटिंग के लिए आकर्षित कर रहे हैं.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “दूसरे देश योजनाबद्ध तरीके से हमारी फिल्म इंडस्ट्री को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. ये सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि एक नेशनल सिक्योरिटी थ्रेट है. ये फिल्मों के जरिए प्रचार और मैसेजिंग का मामला भी है.”
हम फिर से अमेरिका में फिल्में बनाना चाहते हैं: ट्रंप
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने अमेरिका के वाणिज्य विभाग (Department of Commerce) और अन्य संबंधित एजेंसियों को आदेश दे दिया है कि वे विदेशों में बनी फिल्मों पर 100% टैक्स लगाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करें. ट्रंप ने नारा भी दिया, "WE WANT MOVIES MADE IN AMERICA, AGAIN!" यानी “हम फिर से अमेरिका में फिल्में बनाना चाहते हैं!” अमेरिकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लुटनिक ने भी ट्रंप की बात का समर्थन करते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हम इस पर काम कर रहे हैं।”
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि यह टैक्स किस पर लगेगा. विदेशी प्रोडक्शन कंपनियों पर या फिर उन अमेरिकी कंपनियों पर जो विदेश में फिल्में बना रही हैं.
क्यों उठाया गया यह कदम?
फिल्मLA की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 सालों में लॉस एंजेलिस में फिल्म और टीवी प्रोडक्शन में करीब 40% की गिरावट आई है. इस बीच दुनिया के कई देश बड़े टैक्स क्रेडिट और कैश रिबेट्स ऑफर कर रहे हैं, ताकि फिल्म प्रोडक्शन को अपनी ओर खींचा जा सके. Ampere Analysis के अनुसार, 2025 में दुनियाभर में करीब 248 अरब डॉलर कंटेंट प्रोडक्शन में खर्च होने का अनुमान है, जिसमें से बड़ा हिस्सा अमेरिका के बाहर खर्च किया जा रहा है.
ट्रंप का ये फैसला आने वाले दिनों में अमेरिकी और वैश्विक फिल्म इंडस्ट्री के बीच टकराव की शुरुआत कर सकता है. इससे हॉलीवुड पर असर पड़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म बाजार में तनाव बढ़ सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2025 07:33 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

