Syria Civil War: सीरिया में बसर अल-असद की सत्ता का पतन, देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति! कई शहरों पर विद्रोहियों का कब्जा
सीरिया में गृहयुद्ध के बीच विद्रोही गुटों ने कई प्रमुख शहरों पर कब्जा कर लिया है और राजधानी दमिश्क को घेरने की तैयारी कर रहे हैं. राष्ट्रपति बसर अल-असद के देश छोड़ने की खबरें सामने आई हैं, हालांकि सरकारी मीडिया ने इसे खारिज किया है.
सीरिया में वर्षों से जारी गृहयुद्ध अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. शनिवार को विद्रोही गुटों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाकों तक पहुंचते हुए देश के कई प्रमुख शहरों पर कब्जा करने का दावा किया. वहीं, अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, सीरिया के राष्ट्रपति बसर अल-असद देश छोड़कर अज्ञात स्थान पर चले गए हैं. हालांकि, सीरियाई सरकारी मीडिया ने इन खबरों को अफवाह करार दिया है और कहा है कि असद अभी भी दमिश्क में हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं.
विद्रोहियों की बढ़त और असद शासन का संकट
शनिवार को विद्रोही गुटों ने एक बड़े हमले के तहत देश के चौथे सबसे बड़े शहर हमा और होम्स पर कब्जा कर लिया. इस हमले के दौरान विद्रोही राजधानी दमिश्क के उपनगरों तक पहुंच गए. हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) जैसे जिहादी समूहों के नेतृत्व में यह विद्रोह असद सरकार को उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
एचटीएस के प्रमुख अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "हमारा मिशन असद सरकार को सत्ता से बेदखल करना और सीरिया में स्वतंत्र शासन स्थापित करना है."
BREAKING: Syrian President Bashar al-Assad left Damascus to an unknown destination - Reuters
— BNO News (@BNONews) December 8, 2024
सीरियाई सेना की स्थिति
सरकारी सेना ने दक्षिणी सीरिया के प्रांतों स्वेदा और दारारा से वापसी कर होम्स की रक्षा के लिए सैनिकों को पुनः तैनात किया है. हालांकि, विद्रोहियों की तेज़ी से बढ़ती ताकत ने असद सरकार को भारी दबाव में डाल दिया है.
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, दमिश्क के उपनगर मादामिया, जरामाना और दरया में विद्रोही अब पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं. इस बीच, विद्रोही बल राजधानी दमिश्क को घेरने की योजना बना रहे हैं, जिसे उन्होंने "अंतिम चरण" करार दिया है.
BREAKING: The Assad regime has collapsed
— The Spectator Index (@spectatorindex) December 8, 2024
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और कूटनीतिक प्रयास
सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत गीर पेडरसन ने तुरंत जिनेवा में वार्ता का आह्वान किया है. उनका कहना है कि सीरिया में "व्यवस्थित राजनीतिक बदलाव" सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होना होगा.
कतर के विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-थानी ने कहा, "विद्रोहियों की तेज़ प्रगति सीरिया की क्षेत्रीय अखंडता के लिए गंभीर खतरा है. राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करने में देरी से संघर्ष और गहरा सकता है."
सीरिया में मौजूदा संकट ने देश की स्थिरता को गहरे संकट में डाल दिया है. असद शासन का पतन और विद्रोहियों की बढ़त यह दर्शाती है कि देश एक नई राजनीतिक व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है.
अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस संकट को हल करने के लिए क्या कदम उठाता है और क्या सीरिया में एक नई शुरुआत संभव हो पाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 08, 2024 08:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

