खेल

Tokyo Olympics 2020: टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सपना टूटा, सेमीफाइनल में बेल्जियम ने 5-2 से हराया

अब भारत को कांस्य के लिए प्रयास करना होगा. भारत का यह मैच किससे होगा, इसका फैसला जर्मनी और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के बाद हो जाएगा. बहरहाल, मैच का पहला गोल बेल्जियम की ओर से हुआ.

Tokyo Olympics 2020: टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सपना टूटा, सेमीफाइनल में बेल्जियम ने 5-2 से हराया
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (Photo Credits: PTI)

टोक्यो: मंगलवार को खेले गए टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) के दूसरे सेमीफाइनल में भारत (India) का सफर खत्म हो गया हैं. सेमीफाइनल में बेल्जियम (Belgium) ने भारत 5-2 से हरा दिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.  इस हार के साथ भारत का गोल्‍ड जीतने का सपना टूट गया. भारतीय टीम अब कांस्य पदक के लिए खेलेगा.  Tokyo Olympics 2020: हाफ टाइम तक भारत और बेल्जियम 2-2 की बराबरी पर

भारत ने ओलंपिक में अपना पिछला पदक 1980 मॉस्को खेलों में जीता था. भारतीय टीम ने इस ओलंपिक में स्पेन को 3-0, अर्जेटीना को 3-1, जापान को 4-3 और ग्रेट ब्रिटेन को 3-1 से हराया.

अब भारत को कांस्य के लिए प्रयास करना होगा.  भारत का यह मैच किससे होगा, इसका फैसला जर्मनी और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के बाद हो जाएगा. बहरहाल, मैच का पहला गोल बेल्जियम की ओर से हुआ. यह गोल लोइक फेनी लुपर्ट ने दूसरे मिनट में हासिल पेनाल्टी कार्नर पर किया. मैच शुरु होने के साथ ही भारत पीछे हो चुका था.

भारतीय टीम दबाव में थी. लेकिन इस दबाव से निकलकर सातवें मिनट में गोल कर हरमनप्रीत सिंह ने मैच में रोमांच ला लिया. हरमनप्रीत ने यह गोल पेनाल्टी कार्नर पर किया। अब स्कोर 1-1 हो चुका था. इसके बाद कप्तान मंदीप सिंह खुद मोर्चा सम्भाला और नौवें मिनट में एक बेहतरीन फील्ड गोल के जरिए भात को 2-1 से आगे कर दिया.

पहले ही क्वार्टर में पिछड़ने के बाद बेल्जियम ने बराबरी के लिए हमला तेज कर दिया. इस क्रम में उसे 19वें मिनट में सफलता मिली. एलेक्सजेंडर रॉबी हेंडरिक ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया.

तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ. चौथे क्वार्टर में बेल्जियम ने अचानक ही रफ्तार पकड़ी और 49वें मिनट में हासिल पेनाल्टी कार्नर पर हेंडरिक्स ने गोल कर 3-2 की लीड दिला दी. तीसरे क्वार्टर और चौथे क्वार्टर की शुरुआत तक बेल्जियम ने 7 पेनाल्टी कार्नर हासिल किए.

अंतिम समय में भारत की रक्षापंक्ति में सेंध लग चुकी थी. बेल्जियम को लगातार पेनाल्टी कार्नर मिल रहे थे. इसी क्रम में उसने 53वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जिस पर गोल कर हेंडरिक्स ने अपनी टीम को 4-2 से आगे कर उसकी जीत पक्की कर दी.

बेल्जियम की टीम इसके बाद भी नहीं रुकी और अंतिम मिनट में एक और गोल करते हुए 5-2 की लीड ले ली. बेल्जियम के लिए यह गोल डोमिनिक डॉहमैन ने 60वें मिनट में किया.

 

क्वॉर्टर फाइनल में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही थी. टोक्‍यो ओलंपिक में भारत ने दो मेडल जीत लिए हैं. मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्‍वर और पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में भारत को ब्रॉन्‍ज मेडल दिलाया. बता दें कि अभी भी भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका है. भारत ने 1980 के बाद से ओलंपिक में मेडल नहीं जीता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2021 09:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).