India Stats In T20 World Cup Final: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसा रहा है भारत का रिकॉर्ड? जानिए कब जीता खिताब और कब मिली हार
भारत (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, T20 World Cup 2026 Final Match: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 8 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की टीम को सात रनों से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली हैं. वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हरा दिया था. इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे हैं, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के हाथों में है. यह भी पढ़ें: Suryakumar Yadav Stats In T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में कुछ ऐसा रहा हैं सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन, यहां देखें 'मिस्टर 360' के आकंड़ें

भारतीय क्रिकेट टीम 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेलने के लिए तैयार है. इस मुकाबले में अगर टीम इंडिया जीत हासिल करती है तो वह टी20 विश्व कप के इतिहास में तीसरी बार खिताब जीतने वाली टीम बन जाएगी. इतना ही नहीं, भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी बन सकता है. फाइनल से पहले आइए एक नजर डालते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रदर्शन कैसा रहा है.

2007 में पाकिस्तान को हराकर जीता पहला खिताब

भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप के पहले ही संस्करण में इतिहास रच दिया था. साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था.

जोहान्सबर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 157 रन बनाए थे. इस मैच में गौतम गंभीर ने शानदार 75 रन की पारी खेली थी.

जवाब में पाकिस्तान की टीम मिस्बाह-उल-हक की 43 रन की पारी के बावजूद 152 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 5 रन से जीत लिया. भारतीय गेंदबाज आरपी सिंह और इरफान पठान ने इस मैच में 3-3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.

2014 में श्रीलंका ने भारत को हराया

टी20 वर्ल्ड कप 2014 में भी भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची थी. एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार पांच मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी.

हालांकि ढाका में खेले गए फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हरा दिया था. इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के 77 रन की बदौलत 20 ओवर में 130/4 का स्कोर बनाया था.

इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने 17.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया.

2024 में दक्षिण अफ्रीका को हराकर बना चैंपियन

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीती थी.

बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के 76 रन की बदौलत 176/7 का स्कोर बनाया था.

इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 169/8 रन ही बना सकी. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई थी.

अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के पास तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने का शानदार मौका है. क्रिकेट फैंस की नजरें अहमदाबाद में होने वाले इस बड़े मुकाबले पर टिकी हुई हैं.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मैच का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.