India Women’s National Cricket Team vs Sri Lanka Women’s National Cricket Team Match Scorecard: भारतीय महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम श्रीलंका महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज़ (T20I Series) का चौथा मुकाबला 28 दिसंबर 2025(कविवार) को तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम (Greenfield International Stadium) में खेला गया. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ के चौथे मुकाबले में एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन से जीत दर्ज कर ली. इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 221 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 6 विकेट पर 191 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज़ में 4-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 में स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, 10,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाली बनीं दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर
टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनने का श्रीलंका महिला टीम का फैसला एक बार फिर गलत साबित हुआ. भारतीय सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और शैफाली वर्मा (Shafali Verma) ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए मैदान पर रन बरसाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए तेज़ साझेदारी कर श्रीलंका की गेंदबाज़ी को पूरी तरह दबाव में ला दिया. स्मृति मंधाना ने 48 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें आकर्षक स्ट्रोक्स और बेहतरीन टाइमिंग देखने को मिली. वहीं शैफाली वर्मा ने 46 गेंदों पर 79 रन ठोककर पावरप्ले और मिडिल ओवर्स में मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया.
इन दोनों के आउट होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋचा घोष (Richa Ghosh) ने एक बार फिर अपनी फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई. ऋचा ने महज़ 16 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए और अंतिम ओवरों में रन रेट को और तेज़ कर दिया. भारत ने 20 ओवर में 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. श्रीलंका की ओर से माल्शा शेहानी (Malsha Shehani) और निमाशा मीपेज (Nimasha Meepage) को एक-एक विकेट मिला, लेकिन बाकी गेंदबाज़ भारतीय बल्लेबाज़ों पर लगाम नहीं लगा सकीं.
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका महिला टीम की शुरुआत भी आक्रामक रही. कप्तान चमारी अथापथु (Chamari Athapaththu) ने 37 गेंदों में 52 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि हसिनी परेरा (Hasini Perera) ने 20 गेंदों पर 33 रन की तेज़ पारी खेली. इसके अलावा इमेशा दुलानी (Imesha Dulani) ने 29 रन जोड़कर स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन बढ़ते रन रेट के दबाव में श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई.
भारतीय गेंदबाज़ों ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर मैच को पूरी तरह नियंत्रण में रखा. वैष्णवी शर्मा (Vaishnavi Sharma) ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि अरुंधति रेड्डी (Arundhati Reddy) ने भी 2 विकेट लेकर श्रीलंका की रन चेज़ को पटरी से उतार दिया. इसके अलावा नल्लापुरेड्डी चारणी (Nallapureddy Charani) ने भी एक विकेट हासिल किया.
आखिरकार श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 191 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 30 रन से अपने नाम कर लिया. स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की विस्फोटक पारियों ने इस जीत की नींव रखी, जबकि गेंदबाज़ों ने संयमित प्रदर्शन कर सीरीज़ में भारत की बादशाहत को और मजबूत कर दिया.













QuickLY