IND vs NZ Final Rain Rule: अगर बारिश में धुल गया भारत बनाम न्यूजीलैंड का फाइनल, तो कौन बनेगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन? जानिए ICC का नियम
भारत बनाम न्यूजीलैंड (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, T20 World Cup 2026 Final Match Reserve Day Rule: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार यानी 8 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की टीम को सात रनों से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली हैं. वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हरा दिया था. इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे हैं, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के हाथों में है. यह भी पढ़ें: IND vs ENG Semi-Final Coincidence: जब-जब सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराया, तब-तब टीम इंडिया बनी विश्व विजेता, क्या 2026 में भी दोहराएगा इतिहास?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. करीब एक महीने तक चले इस टूर्नामेंट में कुल 54 मुकाबले खेले गए और अब खिताबी मुकाबले की बारी है. फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत जहां दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुका है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश में होगी.

दिलचस्प बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार भारत और न्यूजीलैंड की टीमें फाइनल में भिड़ेंगी. लेकिन अगर इस बड़े मुकाबले में बारिश खलल डालती है और मैच पूरा नहीं हो पाता है तो विजेता का फैसला कैसे होगा? आइए जानते हैं आईसीसी का पूरा नियम.

बारिश होने पर क्या होगा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. अगर इस दिन अहमदाबाद में बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे का नियम लागू किया जाएगा. ऐसे में फाइनल मैच 9 मार्च को खेला जाएगा. हालांकि आईसीसी की कोशिश यही रहेगी कि 8 मार्च को ही कम से कम 10-10 ओवर का मैच कराया जा सके.

रिजर्व डे पर भी बारिश आई तो क्या होगा?

अगर रिजर्व डे यानी 9 मार्च को भी बारिश की वजह से मैच प्रभावित होता है तो कम से कम 10 ओवर का मुकाबला कराने की कोशिश की जाएगी. आईसीसी के नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी परिणाम के लिए दोनों पारियों में कम से कम 10-10 ओवर का खेल होना जरूरी होता है.

अगर पहले दिन कुछ ओवरों का खेल हो चुका है और मैच बीच में रुक गया है, तो रिजर्व डे पर खेल वहीं से शुरू किया जाएगा जहां से मैच रुका था.

अगर रिजर्व डे भी पूरी तरह बारिश में धुल गया तो?

अगर 8 मार्च और 9 मार्च दोनों दिन बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकती है, तो ऐसी स्थिति में भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा.

आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसा बहुत कम हुआ है. आखिरी बार साल 2002 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में ऐसा देखने को मिला था, जब भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मैच का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.