Bangladesh vs Hong Kong Asia Cup 2025: बांग्लादेश ने एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है. इस टीम ने गुरुवार को शेख जायद स्टेडियम (Sheikh Zayed Stadium) में खेले गए मुकाबले में हांगकांग को सात विकेट से हराया. कप्तान लिटन दास बांग्लादेश की जीत के हीरो रहे, जिन्होंने 39 गेंदों में एक छक्के और छह चौकों की मदद से 59 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में ऐसा दूसरी बार था, जब किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज ने अर्धशतक जड़ा. लिटन दास से पहले शब्बीर रहमान ने साल 2016 में श्रीलंका के विरुद्ध 80 रन बनाए थे. आबु धाबी में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी हांगकांग की टीम ने सात विकेट खोकर 143 रन बनाए.
इस टीम ने महज सात रन पर अंशुमान रथ (4) का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद बाबर हयात महज 14 रन बनाकर चलते बने. टीम 30 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी. यहां से जीशान अली ने निजाकत खान के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. जीशान अली ने 30 रन की पारी खेली, जबकि निजाकत खान 40 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए. विपक्षी खेमे से तस्कीन अहमद, तंजीम हसन शाकिब और रिशद हुसैन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए. इसके जवाब में बांग्लादेश ने 17.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. परवेज हुसैन इमोन 19, जबकि तंजीद हसन 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. यह भी पढ़ें : PAK vs OMA Asia Cup 2025 Preview: पाकिस्तान बनाम ओमान एशिया कप मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, मिनी बैटल, और स्ट्रीमिंग समेत सारे डिटेल्स
टीम 47 रन तक सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान लिटन दास ने तौहीद हृदोय के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया. कप्तान ने 59 रन की पारी खेली. तौहीद ने 36 गेंदों में 35 रन बनाए. हांगकांग की ओर से अतीक इकबाल ने 2, जबकि आयुष शुक्ला ने 1 विकेट अपने नाम किया.बांग्लादेश की टीम पहले ही मुकाबले में जीत के साथ ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि शुरुआती दो मुकाबलों को गंवाने के चलते हांगकांग चौथे स्थान पर है. इस ग्रुप में अफगानिस्तान शीर्ष पर मौजूद है.













QuickLY