International Labour Day 2026 Wishes: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर इन हिंदी Quotes, WhatsApp Messages, Facebook Greetings को भेजकर दें शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 1 मई: दुनिया भर के मजदूरों और मेहनतकश श्रमिकों के सम्मान में आज, 1 मई 2026 को 'अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस' (International Labour Day) मनाया जा रहा है. इसे लेबर डे, मई दिवस और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस जैसे नामों से भी जाना जाता है. किसी भी देश की आर्थिक उन्नति और विकास की नींव वहां के श्रमिकों के पसीने और परिश्रम पर टिकी होती है. आज का दिन इसी योगदान को याद करने और उनके अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने का है. इस अवसर पर लोग सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेरक कोट्स और संदेश साझा कर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं.
मजदूर दिवस का इतिहास एक संघर्षपूर्ण आंदोलन से जुड़ा है. साल 1886 में अमेरिका के शिकागो में मजदूरों ने एक ऐतिहासिक हड़ताल की थी. उस समय मजदूरों से दिन में 15-15 घंटे काम लिया जाता था और वेतन बहुत कम मिलता था. इस शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए उन्होंने काम के घंटे 8 करने की मांग की.
आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में कई मजदूरों की जान चली गई और सैकड़ों घायल हुए. इस बलिदान के तीन साल बाद, 1889 में 'अंतरराष्ट्रीय समाजवादी सम्मेलन' की बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि अब से मजदूरों के काम करने का समय 8 घंटे होगा और हर साल 1 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया जाएगा.
1 मई यानी अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के इस विशेष अवसर पर व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ‘श्रमेव जयते’ के संदेशों की धूम है. लोग विभिन्न जीआईएफ ग्रीटिंग्स और एचडी इमेजेस के जरिए उन हाथों को नमन कर रहे हैं, जो देश के भविष्य का निर्माण करते हैं. ऐसे में आप भी इन खास संदेशों के जरिए अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दे सकते हैं.
भारत में पहली बार मजदूर दिवस मनाने की शुरुआत 1 मई 1923 को चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) में हुई थी. इसकी घोषणा 'लेबर किसान पार्टी ऑफ हिंदुस्तान' की अध्यक्षता में की गई थी. इस पहल को देश के कई संगठनों और सोशल पार्टियों का पुरजोर समर्थन मिला, जिसके बाद से पूरे भारत में इसे राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने लगा.
आज के तकनीकी युग में भी श्रमिकों की भूमिका कम नहीं हुई है. सड़कों, इमारतों, कारखानों से लेकर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तक, हर क्षेत्र में मजदूरों का कौशल और मेहनत अनिवार्य है. यह दिवस न केवल उनके काम का जश्न मनाता है, बल्कि बाल श्रम के खात्मे और कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समाज का ध्यान भी आकर्षित करता है.