भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में जल संकट, इन इलाकों में होगी पानी की कटौती
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली वासियों की मुसीबत और बढ़ने वाली है. राजधानी में गुरुवार से पानी के कटौती होगी. हरियाणा द्वारा यमुना में पानी छोड़ने में कटौती के कारण वजीराबाद जलाशय में पानी के स्तर में आई गिरावट के मद्देनजर गुरुवार से दिल्ली के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी.
नई दिल्ली: भीषण गर्मी के बीच दिल्ली वासियों की मुसीबत और बढ़ने वाली है. राजधानी में गुरुवार से पानी के कटौती होगी. हरियाणा द्वारा यमुना में पानी छोड़ने में कटौती के कारण वजीराबाद जलाशय में पानी के स्तर में आई गिरावट के मद्देनजर गुरुवार से दिल्ली के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी. दिल्ली जल बोर्ड ने बुधवार को यह जानकारी दी. Delhi Heat Wave: दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी से हाल बेहाल, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत.
वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्रों में परिचालन प्रभावित हुआ है तथा गुरुवार की सुबह से जलाशय का जलस्तर सामान्य होने तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी.
प्रभावित होने वाले क्षेत्र
प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल और आसपास के क्षेत्र, कमला नगर, शक्ति नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, एनडीएमसी क्षेत्र, राजिंदर नगर, पटेल नगर, बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी, कालकाजी, गोविंदपुरी, तुगलकाबाद, संगम विहार और आम्बेडकर नगर शामिल हैं.
बोर्ड ने कहा है कि प्रहलादपुर, रामलीला ग्राउंड, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, मॉडल टाउन, गुलाबी बाग, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, मूलचंद, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, बुराड़ी, छावनी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों और दक्षिणी दिल्ली को भी पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा.
दिल्ली में जल संकट
चंद्रावल, वजीराबाद और ओखला डब्ल्यूटीपी की क्षमता क्रमशः 90 एमजीडी, 135 एमजीडी और 20 एमजीडी है. ये संयंत्र दिल्ली छावनी सहित पूर्वोत्तर दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली नगर परिषद क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति करते हैं.
हरियाणा दो नहरों - सीएलसी (368 एमजीडी) और डीएसबी (177) - और यमुना (65 एमजीडी) के माध्यम से दिल्ली को एक दिन में कुल 610 मिलियन गैलन पानी की आपूर्ति करता है.
सीएलसी और डीएसबी को मुनक नहर और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के माध्यम से हथिनी कुंड से पानी की आपूर्ति की जाती है. इसके अलावा, दिल्ली को ऊपरी गंगा नहर के माध्यम से उत्तर प्रदेश से 253 एमजीडी प्राप्त होता है, और 90 एमजीडी शहर भर में स्थापित रैनी कुओं और ट्यूबवेलों से प्राप्त होता है.