देश

श्रीलंका ने 68 भारतीय मछुआरों और 10 नावों को पकड़ा, एक्शन में आया विदेश मंत्रालय, जल्दी रिहाई के लिए शुरू की कानूनी प्रक्रिया

श्रीलंकाई नौसेना ने 68 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली दस नौकाएं जब्त की हैं. इसको लेकर भारत भी एक्शन में आ गया है. विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय मछुआरों और नौकाओं की शीघ्र रिहाई का मुद्दा श्रीलंका सरकार के सामने उठाया गया है.

श्रीलंका ने 68 भारतीय मछुआरों और 10 नावों को पकड़ा, एक्शन में आया विदेश मंत्रालय, जल्दी रिहाई के लिए शुरू की कानूनी प्रक्रिया
(Photo Credits: Pixabay)

नई दिल्ली: श्रीलंकाई नौसेना (Sri Lankan Navy) ने 68 भारतीय मछुआरों (Indian Fisherman) को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली दस नौकाएं जब्त की हैं. इसको लेकर भारत भी एक्शन में आ गया है. विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारतीय मछुआरों और नौकाओं की शीघ्र रिहाई का मुद्दा श्रीलंका सरकार के सामने उठाया गया है. इस संबंध में न केवल कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है, बल्कि कस्टडी में मौजूद भारतीय मछुआरों को तमाम जरूरी सुविधाएं और वस्तुएं मुहैया करवाई जा रही है. श्रीलंकाई नौसेना द्वारा मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में तमिलनाडु में प्रदर्शन

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मंगलवार को कहा “श्रीलंका द्वारा 18-20 दिसंबर के बीच तमिलनाडु के भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने को लेकर हम चिंतित हैं. हमारी जानकारी के अनुसार 68 मछुआरों और 10 नौकाओं को हिरासत में लिया गया है. भारतीय मछुआरों और नौकाओं की शीघ्र रिहाई का मुद्दा कोलंबो में हमारे उच्चायोग ने श्रीलंका सरकार के सामने उठाया है.” उन्होंने बताया "गिरफ्तार किये गए भारतीय मछुआरों को उनके रिश्तेदारों से फोन पर बात करवाया गया है. साथ ही उन्हें कपड़े, प्रसाधन सामग्री, नाश्ता, मास्क आदि चीजें दी गई है. साथ ही कानूनी प्रक्रिया के लिए भी उचित व्यवस्था भारत सरकार कर रही हैं."

उधर, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में तमिलनाडु के रामेश्वरम में विभिन्न मछुआरा संघों के नेतृत्व में सोमवार को प्रदर्शन किया गया. गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे मछुआरों ने श्रीलंकाई अधिकारियों से मछुआरों को शीघ्र रिहा करने और उनकी नौकाएं छोड़ने की मांग की है. वहीं, संघों ने श्रीलंका सरकार द्वारा गिरफ्तार मछुआरों को रिहा नहीं किये जाने पर एक जनवरी से रेल-रोको आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है.

खबरों के अनुसार, जाफना की एक अदालत ने तमिलनाडु के गिरफ्तार भारतीय मछुआरों को 31 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उन्हें जाफना की जेल में बंद किया गया है. दरअसल सभी को श्रीलंकाई नौसेना ने दो अलग-अलग घटनाओं में श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार कर उनकी नौकाओं को कब्जे में लिया है.

केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार को मछली पकड़ने के विवाद पर भारतीय पक्ष और श्रीलंकाई पक्ष के बीच बातचीत के लिए राज्य में मछुआरा संघों का प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों की एक सूची प्रदान करने का निर्देश दिया है.

श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘ श्रीलंकाई समुद्री क्षेत्र में भारतीय मछुआरों की नौकाओं को आने से रोकने और अवैध रूप से मछलियां पकड़ना रोकने के लिए नौसेना द्वारा चलाए जा रहे एक अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. उत्तरी और उत्तर मध्य नौसेना कमानों द्वारा 18 और 19 दिसंबर को चलाए गए अभियान के दौरान 55 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी आठ नौकाओं को जब्त किया गया है.’’

गौरतलब है कि आए दिन दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे की समुद्री सीमा में घुसने के लिए गिरफ्तार किया जाता है. मछुआरों का मुद्दा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक प्रमुख अड़चन बन गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 21, 2021 06:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).