देश

इंदौर: जूस के पैकेट में चूहा मिलने का वीडियो वायरल, डिस्काउंट देख कर ऑनलाइन किया ऑर्डर

इंदौर के व्यापारी विकास गोस्वामी ने ऑनलाइन साइट से जूस मंगवाया, जिसमें एक पैकेट में चूहा निकला. जूस पीने के बाद परिवार में डर का माहौल बन गया, लेकिन किसी की तबीयत नहीं बिगड़ी. शिकायत के बाद भी कंपनी की ओर से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला.

इंदौर: जूस के पैकेट में चूहा मिलने का वीडियो वायरल, डिस्काउंट देख कर ऑनलाइन किया ऑर्डर

इंदौर: अगर आप भी ऑनलाइन सामान मंगवाते हैं, तो यह खबर आपके लिए एक बड़ा सबक हो सकती है. इंदौर में रहने वाले व्यापारी विकास गोस्वामी ने ऑनलाइन एक शॉपिंग साइट से जूस के दो पैकेट मंगवाए थे, लेकिन जब उन्होंने एक पैकेट खोला तो उसमें जमा हुआ चूहा निकला.

डिस्काउंट देख कर किया था ऑर्डर

विकास गोस्वामी, जो भंवरकुआं इलाके में एक गिफ्ट शॉप चलाते हैं, ने बताया कि उन्होंने 1 मई को एक ऑनलाइन साइट से जूस के दो पैकेट मंगवाए थे क्योंकि उस पर डिस्काउंट चल रहा था. ये पैकेट उन्हें 4 से 5 मई के बीच डिलीवर हो गए.

पहले पैकेट का जूस पी लिया, दूसरा फ्रिज में रखा 

पहला पैकेट उन्होंने परिवार के साथ पी लिया और दूसरा फ्रिज में रख दिया. उनके परिवार में उनकी पत्नी और 7 साल का बेटा भी है.

25 मई को पता चला हकीकत

10 से 15 मई के बीच उन्होंने दूसरा पैकेट खोला और उसका भी जूस पिया. फिर उसे दोबारा फ्रिज में रख दिया. 25 मई को जब उन्होंने पैकेट दोबारा निकाला, तो वह जम गया था. पैकेट को जब काटा गया, तो उसमें एक काली चीज दिखाई दी, जिसे ध्यान से देखने पर पता चला कि वह एक मरा हुआ चूहा था.

पूरा परिवार डर गया, वीडियो भी बनाया

यह देखकर परिवार के सभी सदस्य घबरा गए. विकास ने तुरंत इसका वीडियो बनाया और कंपनी को ईमेल करके शिकायत दर्ज कराई.

कंपनी के जवाब से नहीं हुए संतुष्ट

विकास का कहना है कि उन्होंने कंपनी से शिकायत तो की, लेकिन जवाब बहुत सामान्य और संतोषजनक नहीं था. उन्होंने कस्टमर केयर से भी बात की लेकिन कोई समाधान नहीं मिला.

सौभाग्य से जूस पीने के बाद किसी की तबीयत खराब नहीं हुई, इसलिए उन्होंने डॉक्टर को नहीं दिखाया. लेकिन यह घटना हर ऑनलाइन खरीदार के लिए एक चेतावनी है कि भरोसे के साथ-साथ सतर्कता भी जरूरी है.

  • ऑनलाइन सामान मंगवाने से पहले ब्रांड और रेटिंग की अच्छे से जांच करें.
  • पैक्ड खाने-पीने की चीज़ें इस्तेमाल करने से पहले ठीक से देख लें.
  • किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत वीडियो बनाएं और शिकायत दर्ज करें.

इस तरह की घटनाएं सिर्फ नुकसान ही नहीं पहुंचातीं, बल्कि सेहत के लिए भी खतरा बन सकती हैं. जरूरी है कि कंपनियां ऐसी लापरवाही पर गंभीर कदम उठाएं और ग्राहकों को उचित समाधान दें.

(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2025 09:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).