SVAMITVA Scheme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'स्वामित्व योजना' के तहत संपत्ति कार्ड वितरण का किया शुभारंभ, कहा- स्वामित्व योजना से गांवों में समाप्त होंगे अनेक विवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'स्वामित्व योजना' के तहत संपत्ति कार्ड वितरण का शुभारंभ करते हुए कहा कि ये योजना गांवों में अनेक विवादों के समाधान का जरिया बनेगी. उन्होंने कहा कि यह योजना देश के गांवों में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने वाली है. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने संपत्ति कार्ड प्राप्त करने वाले कुछ लाभार्थियों से भी बात की.
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रविवार को 'स्वामित्व योजना' के तहत संपत्ति कार्ड वितरण का शुभारंभ करते हुए कहा कि ये योजना गांवों में अनेक विवादों के समाधान का जरिया बनेगी. उन्होंने कहा कि यह योजना देश के गांवों में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने वाली है. प्रधानमंत्री ने कहा, ''आत्मनिर्भर भारत अभियान में आज देश ने एक और बड़ा कदम उठा लिया है. स्वामित्व योजना गांवों में रहने वाले हमारे भाइयों-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने में बहुत मदद करने वाली है. आज हरियाणा, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों परिवारों को उनके घरों के कानूनी कागज सौंपे गए हैं और अगले तीन-चार साल में देश के हर गांव में हर घर को इस तरह के प्रॉपर्टी कार्ड देने का प्रयास किया जाएगा.''
मोदी ने इस दिन के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा, ''आज इतना विराट काम ऐसे दिन हो रहा है, जिसका हिन्दुस्तान के इतिहास में बड़ा महत्व है. आज देश के दो-दो महान सपूतों की जयंती है. एक भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण और दूसरे भारत रत्न नानाजी देशमुख.'' उन्होंने कहा कि इन दोनों महापुरुषों में उनका जन्म 11 अक्टूबर को होना ही एक समानता नहीं है बल्कि इन दोनों महापुरुषों ने देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी. मोदी ने जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख में समानता का जिक्र करते हुए आगे कहा कि देश के गांव और गरीबों का कल्याण हो इसके लिए दोनों की सोच भी एक जैसी थी.
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने संपत्ति कार्ड प्राप्त करने वाले कुछ लाभार्थियों से भी बात की.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 11, 2020 01:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

