Bihar Election VIP Seats Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का रोमांच बढ़ गया है और अलग-अलग चर्चित सीटों पर रुझान तस्वीर साफ कर रहे हैं. कई हाई-प्रोफाइल उम्मीदवार मैदान में हैं और हर किसी की नजर इन्हीं सीटों पर टिकी हुई है. मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह इस बार भी मजबूत स्थिति में दिख रहे हैं. गिरफ्तारी की चर्चा चुनाव से पहले खूब हुई, लेकिन इसका असर उनके जनाधार पर नजर नहीं आ रहा है. शुरुआती रुझानों में अनंत सिंह 49299 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि आरजेडी की उम्मीदवार और बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी दूसरे स्थान पर हैं.
पिछले तीन दशक में मोकामा की राजनीति में अनंत सिंह परिवार का दबदबा कायम रहा है और मौजूदा रुझान उसी को दोहराते हुए नज़र आ रहे हैं.
महुआ सीट: तेज प्रताप यादव पिछड़ते दिखे
महुआ सीट इस बार सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक मानी जा रही थी. तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों में वे 2121 वोट से तीसरे नंबर पर खिसकते दिख रहे हैं. पहले नंबर पर एलजेपी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह चल रहे हैं. आरजेडी और तेज प्रताप की अलग राहों ने इस सीट का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है. 2015 में जीत के बाद इस बार तेज प्रताप को जनता का समर्थन उतना नहीं दिख रहा है.
कुम्हरार सीट पर KC सिन्हा पीछे, BJP आगे
पटना की चर्चित कुम्हरार सीट पर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार और प्रसिद्ध गणितज्ञ केसी सिन्हा तीसरे नंबर पर दिख रहे हैं. बीजेपी उम्मीदवार संजय कुमार रुझानों में सबसे आगे हैं, जबकि कांग्रेस दूसरे नंबर पर है. यह सीट पहले से ही बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है और इस बार भी तस्वीर कुछ वैसी ही बनती दिख रही है.
अलीनगर में मैथिली ठाकुर की शानदार बढ़त
लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर पहली बार चुनाव मैदान में हैं और रुझानों में शानदार बढ़त बनाए हुए हैं. मिथिला क्षेत्र में उनकी पहचान और लोकप्रियता ने उन्हें मजबूत आधार दिया है. दूसरे नंबर पर आरजेडी के विनोद मिश्रा हैं. 25 साल की मैथिली ठाकुर की यह एंट्री राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा पैदा कर रही है.
छपरा सीट: खेसारी लाल यादव दूसरे स्थान पर
आरजेडी के उम्मीदवार और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. शुरुआती रुझानों में वे दूसरे नंबर पर चल रहे हैं, जबकि बीजेपी की छोटी कुमारी आगे हैं. छपरा सीट हमेशा से हाई-प्रोफाइल रही है और इस बार भी मुकाबला टक्कर का बना हुआ है.
रघुनाथपुर सीट पर ओसामा शहाब को बढ़त
आरजेडी नेता दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और रुझानों में बढ़त बनाए हुए हैं. जेडीयू के विकास कुमार सिंह दूसरे स्थान पर दिखाई दे रहे हैं. ओसामा की यह बढ़त सिवान की राजनीति में नया मोड़ ला सकती है.













QuickLY