मनीष सिसोदिया का सनसनीखेज आरोप, AAP के 7 विधायकों को खरीदना चाहती है बीजेपी, दिया इतने करोड़ का ऑफर
आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) खरीद-फरोख्त का सनसनीखेज आरोप लगाया है
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) खरीद-फरोख्त का सनसनीखेज आरोप लगाया है. आप पार्टी का कहना है कि बीजेपी ने लोकसभा चुनाव से पहले हमारे कम से कम सात विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए 10-10 करोड़ रुपये की पेशकश की. आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia)ने मीडिया से कहा, "भाजपा ने कम से कम हमारे सात विधायकों से संपर्क किया और हर एक को लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपये का ऑफर दिया. वे और विधायकों के संपर्क में हैं, लेकिन हमें उनमें से सात लोगों ने यह जानकारी दी."
सिसोदिया के अनुसार, यदि भाजपा ऐसा कर रही है तो यह आप सरकार की जीत को दर्शाता है. उन्होंने कहा, "दिल्ली में एक ऐसी सरकार है, जो लोगों की परेशानियों को दूर कर रही है. भाजपा के पास अब चुनाव लड़ने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है और उनके झूठे मुद्दों पर लोगों को यकीन नहीं है."आप के दिल्ली प्रमुख गोपाल राय ने कहा कि भाजपा निराश है, क्योंकि उनके सभी सातों सांसद लोकसभा चुनाव हार रहे हैं. दिल्ली में छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है. राज्य में विधानसभा चुनाव इसी साल के अंत में होना है. यह भी पढ़े: आप को लगा बड़ा झटका, केजरीवाल के करीबी आशुतोष ने छोड़ी पार्टी
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा को चुनाव खुद के दम पर और उसकी सरकार द्वारा किए गए कामों पर लड़ना चाहिए. "मैं भाजपा को कहना चाहता हूं, अमित शाह (भाजपा अध्यक्ष) और नरेंद्र मोदी जी (प्रधानमंत्री) अगर आप लोगों में साहस है तो मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ कर दिखाओ, लेकिन कृपया आप विधायकों को खरीदने की कोशिश न करें."उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के लिए उनके विधायकों को खरीदना आसान नहीं होगा, क्योंकि आप विधायक पहले ही पार्टी को इसकी जानकारी दे देते हैं. "एमसीडी चुनाव से पहले भी भाजपा बवाना से हमारे विधायक को खरीदने में कामयाब हो गई थी, लेकिन जनता ने उन्हें अच्छा सबक सिखाया. इसलिए मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि अगर उनका एजेंडा देश को बदलना है तो उन्हें उसी पर ध्यान देना चाहिए." यह भी पढ़े: मुख्य सचिव से मारपीट मामला: दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल और सिसोदिया समेत आप के 11 विधायकों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
पश्चिम बंगाल में 40 तृणमूल विधायकों के मोदी के साथ संपर्क वाले उनके ही बयान पर सिसोदिया ने कहा, "वह जो बंगाल के विधायकों के साथ कर रहे हैं, वहीं वह दिल्ली में आप विधायकों के साथ करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री विपक्ष के विधायकों को खरीद कर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं. क्या यह अच्छा लगता है? मैं मोदी जी से पूछना चाहता हूं। कुछ शर्म कीजिए और लोकतंत्र का सम्मान कीजिए."उन्होंने कहा, "भाजपा ने कई बार दिखाया है कि वह लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा नहीं करती. मैं दिल्ली की जनता से उन्हें अच्छा सबक सिखाने की अपील करता हूं."
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2019 06:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

