जरुरी जानकारी

लोकसभा ने पास किया नया इनकम टैक्स बिल, टैक्स सिस्टम में होने जा रहा बड़ा बदलाव, जाने कब से लागू होगा नया कानून

लोकसभा ने इनकम-टैक्स (सं.2) विधेयक 2025 को मंजूरी दे दी है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और पुराने इनकम टैक्स कानून 1961 की जगह लेगा.

लोकसभा ने पास किया नया इनकम टैक्स बिल, टैक्स सिस्टम में होने जा रहा बड़ा बदलाव, जाने कब से लागू होगा नया कानून
Income Tax Bill 2025

देश की टैक्स व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. सोमवार 11 अगस्त 2025 को लोकसभा ने इनकम-टैक्स (सं.2) विधेयक 2025 (Income-Tax (No.2) Bill 2025) को मंजूरी दे दी है. यह फरवरी 2025 में पेश किए गए पुराने इनकम टैक्स बिल का नया और संशोधित रूप है, जिसमें संसद की चयन समिति और कई विशेषज्ञों के ज़्यादातर सुझाव शामिल किए गए हैं.

कब से लागू होगा नया कानून?

नया इनकम टैक्स कानून 1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में लागू होगा. फिलहाल इसे कानून का दर्जा मिलने के लिए कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं. सबसे पहले यह बिल राज्यसभा में पास होगा, उसके बाद इसे राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. राष्ट्रपति के हस्ताक्षर मिलते ही यह विधेयक अधिनियम बन जाएगा. इसके लागू होते ही 63 साल पुराना इनकम टैक्स अधिनियम 1961 (Income Tax Act 1961) पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और उसकी जगह इनकम टैक्स अधिनियम 2025 (Income Tax Act 2025) लागू होगा.

क्यों नहीं होगी देरी?

यह विधेयक मनी बिल (Money Bill) के रूप में पास हुआ है, और मनी बिल के मामले में देरी की संभावना बेहद कम होती है. मनी बिल को राज्यसभा खारिज नहीं कर सकती है. उसे लोकसभा से प्राप्त होने के 14 दिन के भीतर बिल वापस करना होता है, चाहे सिफारिशों के साथ या बिना. लोकसभा इन सिफारिशों को मानने या न मानने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है. अगर 14 दिन के भीतर राज्यसभा कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो यह बिल अपने-आप दोनों सदनों से पास माना जाता है.

सभी प्रक्रियाओं के समय पर पूरे होने की संभावना है. ऐसे में 1 अप्रैल 2026 से देश में नया इनकम टैक्स कानून लागू होगा और पुराना कानून इतिहास बन जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2025 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).