दिल्ली: कांधार के लिए उड़ान भरने वाली विमान के पायलट ने ‘गलती’ से दबाया ‘हाइजैक’ का बटन, मचा हड़कंप
अधिकारियों ने कहा कि शनिवार की घटना ने 1999 में एयर इंडिया विमान के कांधार अपहरण की याद दिला दी, हाइजैक का बटन दबाए जाने से सभी एजेंसियां सकते में आ गई......
नयी दिल्ली: दिल्ली से कांधार जा रहे एक विमान के पायलट ने शनिवार को दिल्ली हवाईअड्डे से उड़ान भरते समय ‘गलती’ से ‘हाइजैक बटन’ दबा दिया. इसके तुरंत बाद सुरक्षा अधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया. पायलट से यह गलती उड़ान भरने से पहले विमान को टैक्सी करके रनवे पर लाने के दौरान हुई. अधिकारियों ने बताया कि ‘संतोषजनक’ जांच के बाद एरियाना अफगान एयरलाइंस की इस उड़ान को रवाना किया गया. इसमें लगभग दो घंटे की देरी हुई.
अधिकारियों ने कहा कि शनिवार की घटना ने 1999 में एयर इंडिया विमान के कांधार अपहरण की याद दिला दी. उन्होंने कहा कि हाइजैक का बटन दबाए जाने से सभी एजेंसियां सकते में आ गई. राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के आंतक रोधी बल समेत सभी अन्य एजेंसियां क्रियाशील हो गईं. उन्होंने कहा कि एनएसजी कमांडो और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों ने हालात पर तुरंत प्रतिक्रिया की और विमान को चारों ओर से घेर लिया.
यह भी पढ़ें: पहली बार जैविक ईंधन से विमान ने भरी उड़ान, तय किया देहरादून से दिल्ली का सफ़र
इससे यात्रियों के बीच भय का माहौल बन गया. लगभग दो घंटे की कड़ी जांच के बाद ही विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी गई. यह उड़ान एफजी312 दिल्ली से कांधार के लिए साढ़े तीन बजे रवाना होनी थी. उड़ान के कैप्टन रोकई नायमी ने भारतीय प्राधिकारियों को एक हस्तलिखित नोट दिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2018 08:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

