देश

मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच दौड़ेगी Metro, दोनों की दूरी को जोड़ने के लिए कैबिनेट ने प्रोजेक्ट को दी मंजूरी; यहां जानें रूट और स्टेशनों का डिटेल्स

महाराष्ट्र कैबिनेट ने मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 35 किमी लंबी मेट्रो लाइन 8 (गोल्ड लाइन) को मंजूरी दे दी है. ₹22,862 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से दोनों एयरपोर्ट के बीच का सफर मात्र 30-35 मिनट में पूरा होगा.

मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच दौड़ेगी Metro, दोनों की दूरी को जोड़ने के लिए कैबिनेट ने प्रोजेक्ट को दी मंजूरी; यहां जानें रूट और स्टेशनों का डिटेल्स
(Photo Credits @Sunny29223375)

Metro Between Mumbai & Navi Mumbai Airport: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली कैबिनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी ने मुंबई और निर्माणाधीन नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Navi Mumbai International Airport) को जोड़ने वाली 35 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन 8 (Gold Line) को हरी झंडी दे दी है. इस प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत ₹22,862 करोड़ है, जो मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में हवाई यात्रियों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी.

रूट-स्टेशनों का डिटेल्स

यह मेट्रो कॉरिडोर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के टर्मिनल-2 से शुरू होकर नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) के टर्मिनल-2 तक जाएगा. यह भी पढ़े:  Mumbai Metro Line 6 Update: मुंबई मेट्रो लाइन-6 को लेकर बड़ा अपडेट; कंजुरमार्ग डिपो के बिना शुरू होगी सेवा, MMRDA ने तैयार किया ये प्लान

कुल लंबाई: 35 किलोमीटर.

अंडरग्राउंड हिस्सा: मुंबई एयरपोर्ट से घाटकोपर ईस्ट तक करीब 9.25 किलोमीटर का हिस्सा जमीन के नीचे होगा.

एलिवेटेड हिस्सा: घाटकोपर वेस्ट से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक 24.63 किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड (पुल पर) होगा.

स्टेशन: इस रूट पर कुल 20 स्टेशन होंगे, जिनमें 6 भूमिगत और 14 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं.

समय और लागत

वर्तमान में सड़क मार्ग से दोनों हवाई अड्डों के बीच की दूरी तय करने में ट्रैफिक के कारण 90 से 120 मिनट का समय लगता है. इस मेट्रो के शुरू होने के बाद यह सफर घटकर केवल 30 से 35 मिनट रह जाएगा.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भूमि अधिग्रहण और सभी आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया अगले 6 महीनों के भीतर पूरी कर ली जाए. प्रोजेक्ट को शुरू होने के बाद 3 से 3.5 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. भूमि अधिग्रहण के लिए ₹388 करोड़ का अलग से बजट आवंटित किया गया है.

कनेक्टिविटी और अन्य मंजूरी

यह मेट्रो लाइन न केवल दो हवाई अड्डों को जोड़ेगी, बल्कि कुर्ला, मानखुर्द, वाशी, नेरुल और बेलापुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों से भी गुजरेगी. यह लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और अन्य मेट्रो लाइनों के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी प्रदान करेगी, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

इसके अतिरिक्त, कैबिनेट समिति ने कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को भी मंजूरी दी है:

नासिक रिंग रोड: कुंभ मेले के मद्देनजर ₹3,954 करोड़ की लागत से 66.15 किमी लंबी रिंग रोड.

समृद्धि एक्सप्रेसवे विस्तार: नागपुर-गोंदिया और भंडारा-गढ़चिरौली रूटों पर एक्सप्रेसवे के विस्तार में तेजी लाने के निर्देश.

गढ़चिरौली हाईवे: खनिजों के परिवहन के लिए 85.76 किमी लंबे हाईवे को फोर-लेन सीमेंट कंक्रीट रोड में बदला जाएगा.

प्रोजेक्ट का महत्व

यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित होगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार 20-20 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे. नवी मुंबई एयरपोर्ट के हालिया उद्घाटन के बाद, यह मेट्रो लिंक मुंबई के 'ट्विन-एयरपोर्ट' सिस्टम को सफल बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2026 04:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).