देश

VIDEO: केरल के पास समुद्र में झुका लाइबेरियन जहाज, भारतीय तटरक्षक बल ने 21 लोगों की बचाई जान, 3 अब भी फंसे

केरल तट के पास एक लाइबेरियन जहाज MSC Elsa 3 समुद्र में 26 डिग्री झुक गया, जिससे कंटेनर और समुद्री ईंधन पानी में गिर गया. अब तक 21 क्रू मेंबर सुरक्षित निकाले गए हैं जबकि 3 लोग जहाज पर मौजूद हैं. भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना बचाव व प्रदूषण नियंत्रण में जुटे हैं.

VIDEO: केरल के पास समुद्र में झुका लाइबेरियन जहाज, भारतीय तटरक्षक बल ने 21 लोगों की बचाई जान, 3 अब भी फंसे

कोच्चि, 24 मई: केरल के तट से कुछ दूरी पर अरब सागर में एक बड़ा समुद्री हादसा होते-होते बच गया, जब ‘MSC Elsa 3’ नाम का एक लाइबेरियन झंडे वाला कंटेनर जहाज अचानक समुद्र में बुरी तरह झुक गया. यह हादसा शनिवार दोपहर को हुआ, जब जहाज विजिंजम पोर्ट से कोच्चि जा रहा था.

जहाज 26 डिग्री तक झुका, तटरक्षक बल को दी गई इमरजेंसी सूचना

इस जहाज में खतरनाक समुद्री ईंधन भरा हुआ था और यह तट से करीब 38 नॉटिकल मील की दूरी पर था. जब जहाज अचानक 26 डिग्री तक एक तरफ झुकने लगा, तो क्रू मेंबरों ने तत्काल भारतीय तटरक्षक बल को मदद के लिए अलर्ट भेजा. संदेश मिलते ही इंडियन कोस्ट गार्ड और नौसेना ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

अब तक 21 लोगों की जान बचाई गई, 3 सदस्य जहाज पर मौजूद 

जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है. इनमें विभिन्न देशों के लोग शामिल थे, जैसे कि फिलीपींस, रूस, यूक्रेन और जॉर्जिया. फिलहाल जहाज के कैप्टन, चीफ इंजीनियर और सेकेंड इंजीनियर अभी भी जहाज पर मौजूद हैं, ताकि वे जहाज को स्थिर करने और आगे की 'सेल्वेज ऑपरेशन' में मदद कर सकें.

समुद्र में गिरा कंटेनर और ईंधन, प्रदूषण की आशंका

जहाज के इस तरह झुक जाने से कई कंटेनर समुद्र में गिर गए हैं और जहाज से कुछ मात्रा में खतरनाक समुद्री ईंधन भी समुद्र में बह गया है. इसमें मरीन गैस ऑइल (MGO) और वरी लो सल्फर फ्यूल ऑइल (VLSFO) जैसे ईंधन शामिल हैं. इससे तटीय इलाकों में तेल फैलने की आशंका जताई जा रही है. कोस्ट गार्ड की टीमें स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं और विशेषज्ञ रिस्क असेसमेंट कर रहे हैं.

रेस्क्यू और राहत में जुटी नौसेना व तटरक्षक बल 

जहाज के आसपास भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड के जहाज और विमान मौजूद हैं. कोस्ट गार्ड के विमानों से अतिरिक्त लाइफ राफ्ट समुद्र में गिराए गए ताकि बचाव कार्य में मदद मिल सके. जिन लोगों को बचाया गया है, उन्हें मेडिकल सहायता भी दी जा रही है.

जनता के लिए चेतावनी: कंटेनर या तेल दिखे तो तुरंत जानकारी दें

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि समुद्र तट पर कोई तेल, कंटेनर या संदिग्ध सामान बहकर आता है, तो उसे हाथ न लगाएं. ये खतरनाक हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें. इस तरह की लापरवाही से पर्यावरण और आम लोगों की जान को खतरा हो सकता है.

मिलकर की जा रही स्थिति की निगरानी

भारतीय तटरक्षक बल और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ शिपिंग मिलकर इस पूरी स्थिति को संभालने में लगे हैं. जहाज के प्रबंधकों को आदेश दिया गया है कि वे तत्काल सेल्वेज सर्विस शुरू करें ताकि जहाज को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके. पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2025 08:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).