Rules Change From 1st June: आज से बदल गए कई बड़े नियम, LPG सिलेंडर, ATM चार्ज और गाड़ी खरीदना हुआ महंगा; जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर
एलपीजी सिलेंडर (Photo Credits: File Image)

Rules Change From 1st June:  आज से नए महीने यानी जून 2026 की शुरुआत हो चुकी है. 1 जून की सुबह से ही देश भर में कई बड़े और महत्वपूर्ण नियम बदल गए हैं, जिनका सीधा असर आम जनता की जेब, बजट और उनके रोजमर्रा के जीवन पर पड़ने वाला है. आज से जहां एक तरफ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और मारुति-हुंडई जैसी कंपनियों की कारें महंगी हो गई हैं, वहीं दूसरी तरफ एटीएम ट्रांजैक्शन, पैन कार्ड के नियमों और रेलवे रूटों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. आइए जानते हैं कि आज से लागू हुए इन नियमों का आप पर क्या प्रभाव पड़ेगा.

1. एलपीजी और पीएनजी (PNG) के नए नियम

गैस और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है. आज सुबह से 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 42 रुपये महंगा हो गया है, जिससे मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 3,067.50 रुपये हो गई है. वहीं, 5 किलो वाला मिनी सिलेंडर भी 11 रुपये महंगा होकर 339 रुपये का हो गया है. हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 912.50 रुपये पर स्थिर रखी गई है. यह भी पढ़े:  LPG Cylinder Price Hike: आम जनता को महंगाई का एक और झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 42 रुपये महंगा, जानें नए दाम

इसके अलावा, आज से एक और नया नियम लागू हुआ है. जिस घर में पीएनजी (पाईप गॅस) कनेक्शन लग जाएगा, उन्हें 30 दिनों के भीतर अपना एलपीजी सिलेंडर कनेक्शन वापस (सरेंडर) करना होगा. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन, भारत गैस और एचपी जैसी कंपनियां 'कनेक्शन ट्रांसफर वाउचर' सिस्टम शुरू कर रही हैं. इसके तहत अगर आप भविष्य में किसी ऐसे इलाके में जाते हैं जहां पीएनजी नहीं है, तो आपको एलपीजी कनेक्शन वापस मिल जाएगा.

2. मारुति और हुंडई की कारें खरीदना हुआ महंगा

अगर आप नया वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आज से आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है. इसके साथ ही हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपने पूरे पोर्टफोलियो की कारों के दाम 12,800 रुपये तक बढ़ा दिए हैं. यह बढ़ोतरी अलग-अलग वेरिएंट और मॉडल के हिसाब से लागू होगी.

3. पॅन कार्ड (PAN Card) के नियमों में बड़ी ढील और बदलाव

आयकर विभाग ने आज से पैन कार्ड से जुड़े नियमों में कुछ बड़े बदलाव किए हैं. अब बैंक में एक दिन में 50,000 रुपये से अधिक की नकदी जमा करने पर पैन कार्ड देने की अनिवार्य शर्त को हटा दिया गया है. इसके अलावा, संपत्ति (Property) की खरीद-बिक्री के लिए पैन की सीमा को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है. हालांकि, 45 लाख रुपये से अधिक के संपत्ति लेनदेन, गिफ्ट डीड और जेडीए (JDA) के लिए पैन अनिवार्य रहेगा. साथ ही, सालाना 10 लाख रुपये से अधिक की नकद निकासी पर पैन रिपोर्टिंग लागू होगी.

4. ATM से कैश निकालने के नियमों में बदलाव

1 जून से देश के कुछ बड़े बैंकों ने एटीएम ट्रांजैक्शन चार्ज और फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट में बदलाव किया है. एचडीएफसी (HDFC) बैंक ने फ्री एटीएम लिमिट के दायरे में यूपीआई एटीएम (UPI ATM) से कैश निकालने को भी शामिल कर दिया है. वहीं, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने कुछ चुनिंदा डेबिट कार्ड्स पर डेली कैश विड्रॉल (दैनिक नकद निकासी) की लिमिट को कम कर दिया है, जिससे ग्राहकों को अब संभलकर ट्रांजैक्शन करना होगा.

5. रेलवे ने लागू किया मेगा ब्लॉक, 77 ट्रेनें रद्द

भारतीय रेलवे जून 2026 में एक बड़ा रेलवे ब्लॉक लागू करने जा रहा है. इसके चलते देश भर में लगभग 77 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि कई अन्य ट्रेनों के रूट डायवर्ट (मार्ग में बदलाव) किए गए हैं. इस बदलाव का सीधा असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा. कई सुपरफास्ट और दुरंतो ट्रेनों के समय में भी फेरबदल किया गया है.

6. सोलर पैनल को लेकर सख्त हुए नियम

बिजली उपभोक्ताओं के लिए आज से नए सोलर पैनल नियम (ALMM - मॉडेल्स और उत्पादकों की स्वीकृत सूची) लागू हो गए हैं. इस नियम के तहत अब सभी सरकारी योजनाओं, नेट-मीटरिंग और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल्स और सेल्स का उपयोग किया जा सकेगा, जो ALMM की सूची-I और सूची-II में शामिल हैं. सरकार ने साफ कर दिया है कि 1 जून के बाद इन नियमों के पालन में कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा.