देश

LPG Cylinder Price Hike: आम जनता को महंगाई का एक और झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 42 रुपये महंगा, जानें नए दाम

सरकारी तेल कंपनियों ने 1 जून 2026 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 42 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर हैं.

LPG Cylinder Price Hike: आम जनता को महंगाई का एक और झटका, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 42 रुपये महंगा, जानें नए दाम
एलपीजी सिलेंडर (Photo Credits: File Image)

LPG Cylinder Price Hike: तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने महीने के पहले ही दिन आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका दिया है. 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 42 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. नई दरें आज, यानी 1 जून 2026 से देश भर में प्रभावी हो गई हैं. इस फैसले से होटल, रेस्तरां, ढाबा मालिकों और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा. राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

देश के प्रमुख महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर की नई दरें

कीमतों में हुए इस संशोधन के बाद देश के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं. दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 42 रुपये महंगा होकर 3,113.50 रुपये का हो गया है.  यह भी पढ़े: LPG Cylinder Price on 6 April: मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोलकाता में घरेलू LPG और कमर्शियल गैस की नई कीमतें क्या हैं? जानें लेटेस्ट अपडेट

वहीं, कोलकाता में व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत में 53.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद वहां नया दाम 3,255.50 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गया है. अन्य महानगरों में भी इसी अनुपात में कीमतें बढ़ाई गई हैं.

छोटे व्यापारियों पर भी पड़ा असर, 5 किलो वाला सिलेंडर भी महंगा

तेल कंपनियों ने केवल बड़े व्यावसायिक सिलेंडरों के दाम ही नहीं बढ़ाए, बल्कि छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम नागरिकों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल (Free Trade LPG) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया है.

इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 5 किलो वाला छोटा गैस सिलेंडर अब 821.50 रुपये की नई दर पर मिलेगा.

साल 2026 में लगातार बढ़ रही हैं कीमतें

साल 2026 की शुरुआत से ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. पिछले छह महीनों का आंकड़ा देखें तो व्यावसायिक गैस की कीमतें आसमान छूने लगी हैं:

  • जनवरी 2026: दिल्ली में कीमत 1,691.50 रुपये थी.

  • फरवरी से अप्रैल 2026: फरवरी में 49 रुपये, मार्च में 115 रुपये और अप्रैल में 195.50 रुपये की वृद्धि हुई.

  • मई 2026: प्रति सिलेंडर कीमतों में चौंका देने वाली 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई थी.

  • जून 2026: अब 42 रुपये और महंगे होने के बाद दिल्ली में कीमत 3,113.50 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई है.

घरेलू गैस उपभोक्ताओं को मिली राहत

व्यावसायिक गैस के महंगे होने के बीच आम गृहणियों और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. तेल कंपनियों ने घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई भी बदलाव नहीं किया है. घरेलू सिलेंडर के दाम अपने पुराने स्तर पर ही स्थिर बने हुए हैं, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ने से बच गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2026 08:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).