HSRP Number Plate: महाराष्ट्र में वाहन मालिकों को बड़ी राहत, सरकार ने हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की डेडलाइन 30 जून तक बढ़ाई; जानें आवेदन का तरीका
(Photo Credits FB)

HSRP Number Plate: महाराष्ट्र के वाहन चालकों के लिए राहत की एक बड़ी खबर है. राज्य सरकार ने वाहनों पर हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाने की अंतिम समयसीमा को डेढ़ महीने के लिए और आगे बढ़ा दिया है. अब राज्य के सभी वाहन मालिकों को 30 जून 2026 तक अपने वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाना अनिवार्य होगा. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस फैसले की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि जिन लोगों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें एक अंतिम मौका दिया जा रहा है.

1 जुलाई 2026 से लगेगा भारी जुर्माना

इससे पहले सरकार ने एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाने के लिए 31 डिसेंबर 2025 तक का समय दिया था. इसके बावजूद राज्य के लाखों वाहन चालकों ने अभी तक अपने वाहनों पर यह प्लेट नहीं लगवाई है. राज्य में जारी काम की समीक्षा करने के बाद सरकार ने इस डेडलाइन को अब सीधे 30 जून 2026 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है. प्रशासन ने साफ किया है कि 1 जुलाई 2026 से बिना एचएसआरपी वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी, जिसके तहत नियम का उल्लंघन करने वालों को 1,000 रुपये का जुर्माना भरना होगा.  यह भी पढ़े:  HSRP Number Plate Deadline: अब भी कई गाड़ियों में नहीं लगी एचएसआरपी नंबर प्लेट, 3 दिन बाद खत्म होगी डेडलाइन, क्या फिर बढ़ेगी मियाद, जानें डिटेल्स

एजेंटों के चक्कर में न पड़ें वाहन मालिक: परिवहन मंत्री

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिए के माध्यम से एचएसआरपी नंबर प्लेट न लगवाएं. इसके लिए केवल सरकार द्वारा अधिकृत आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें. उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य में वाहनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लिया गया है, इसलिए सभी नागरिकों को इसमें प्रशासन का सहयोग करना चाहिए.

HSRP नंबर प्लेट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

वाहन मालिक घर बैठे परिवहन विभाग की आधिकारिक व्यवस्था के जरिए इस नंबर प्लेट के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसकी पूरी प्रक्रिया बेहद सरल है:

  • सबसे पहले महाराष्ट्र परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट transport.maharashtra.gov.in पर जाएं.

  • होमपेज पर दिए गए 'Apply High Security Registration Plate Online' विकल्प पर क्लिक करें.

  • इसके बाद 'Order HSRP' के विकल्प को चुनें.

  • नए पेज पर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर (Chassis Number) और इंजन नंबर दर्ज करें.

  • सभी विवरण भरने के बाद ऑनलाइन पेमेंट (भुगतान) के विकल्प पर जाकर निर्धारित शुल्क जमा करें.

  • भुगतान सफल होने के बाद मिलने वाली रसीद (Receipt) को डाउनलोड कर लें.

  • इसके बाद अपने नजदीकी डीलर या एजेंसी के साथ अपॉइंटमेंट बुक करें और तय तारीख पर जाकर अपने वाहन में नंबर प्लेट लगवा लें.