Himachal Pradesh: शिकारी देवी मंदिर में दर्शन गए 9 लोग जंगल में फंसे, एसडीआरएफ ने सभी को सुरक्षित निकाला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित शिकारी देवी मंदिर में दर्शन करने गए 9 लोग जंगल में फंस गए. इनमें तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे. पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला है. जानकारी सामने आई कि ये लोग सुंदरनगर, बल्ह और बग्गी के रहने वाले हैं.
मंडी, 24 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के मंडी जिले में स्थित शिकारी देवी मंदिर में दर्शन करने गए 9 लोग जंगल में फंस गए. इनमें तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे. पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला है. जानकारी सामने आई कि ये लोग सुंदरनगर, बल्ह और बग्गी के रहने वाले हैं. बताया गया कि पिछले दिन माता शिकारी देवी के दर्शन के बाद दोपहर में मौसम खराब हो गया. इसके बाद ये लोग जंगल के रास्ते शॉर्टकट से नीचे उतरने लगे, लेकिन रास्ता भटक गए और एक नाले के पास फंस गए. जब ये लोग वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं.
फंसे हुए लोगों के मोबाइल बंद होने के कारण उन्हें तलाश करने में दिक्कत आ रही थी. एसडीआरएफ के जवानों ने रातभर सर्च ऑपरेशन जारी रखा और अपने अनुभव के आधार पर उनका पता लगाया. भारी बारिश और ठंड के बावजूद जवानों ने उन तक पहुंचकर पानी और खाने का सामान उपलब्ध कराया और उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया. यह भी पढ़ें : तमिल अभिनेताओं पर ED की कार्रवाई, कोकीन तस्करी से जुड़े मामले में श्रीकांत और कृष्ण कुमार को भेजा समन
मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. सूचना मिलने के बाद रात 11 बजे एसडीआरएफ की टीम जंजहैली के लिए रवाना की गई थी. रात 2 बजे रुहाड़ा क्षेत्र में पहुंचकर खोज-बचाव अभियान शुरू किया. लगभग सुबह साढ़े 6 बजे सभी को ढूंढने में सफलता मिल पाई है. एसडीएम थुनाग मनु वर्मा पूरी रात स्थल पर मौजूद रहीं और बचाव कार्य की निगरानी करती रहीं.
पुलिस, राजस्व विभाग, होम गार्ड, दमकल और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमों ने समन्वय से कार्य करते हुए कठिन परिस्थितियों में यह अभियान पूरा किया. फंसे हुए लोगों में सुंदरनगर के कनैड निवासी राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी विद्या देवी, बेटा जगमोहन और बहू शिवानी शामिल थे. इनके साथ हरीश कुमार, रश्मि, अयारा, त्रिकुंज और आरती भी थे. ये सभी आपस में रिश्तेदार थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2025 04:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

