Palampur Bus Stand Stabbing Incident: पालमपुर बस स्टैंड पर युवती पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार, पीड़िता की हालत गंभीर, हमले का वीडियो आया सामने
(Photo : X)

हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा जिले में स्थित पालमपुर बस स्टैंड शनिवार, 20 अप्रैल की दोपहर एक भयावह घटना का गवाह बना. एक युवक ने एक युवती पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को दबोच लिया और उसे भागने से रोका.

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय बस स्टैंड पर अचानक चीख-पुकार मच गई. एक युवक ने एक युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. उसने युवती पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी. बस स्टैंड पर मौजूद लोग पहले तो घटना को समझ नहीं पाए, लेकिन जब हमलावर युवती पर वार करता रहा तो लोगों ने हिम्मत दिखाई और उसे पकड़ लिया. लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.

घायल युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. हमले के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.