Rohit Shetty House Firing Case: मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग मामले में पुणे से 4 संदिग्ध हिरासत में, आरोपियों से पूछताछ जारी
मुंबई के जुहू में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में बड़ी सफलता मिली है. पुणे पुलिस ने वॉरजे और कर्वेनगर इलाकों से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनके तार एक कुख्यात अंतरराष्ट्रीय गैंग से जुड़े होने की आशंका है.
Rohit Shetty House Firing Case: फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित जुहू आवास पर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुणे पुलिस ने रविवार (1 फरवरी, 2026) को इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन संदिग्धों को पुणे के वॉरजे (Warje) और कर्वेनगर (Karvenagar) इलाकों से पकड़ा गया है. शुरुआती जांच में इन आरोपियों के तार देश के एक कुख्यात गैंग से जुड़े होने के संकेत मिले हैं.
पुणे के रिहायशी इलाकों में छापेमारी
पुणे पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि मुंबई फायरिंग कांड से जुड़े कुछ संदिग्ध शहर में छिपे हुए हैं. इसके बाद पुलिस की विशेष टीमों ने तड़के वॉरजे और कर्वेनगर में छापेमारी की. हिरासत में लिए गए चारों व्यक्तियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. पुणे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इन संदिग्धों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और विस्तृत जांच के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच (Mumbai Crime Branch) को सौंप दिया जाएगा. यह भी पढ़े: Rohit Shetty House Firing: रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सोशल मीडिया पर दी ये धमकी
कुख्यात गैंग ने ली थी जिम्मेदारी
बता दें कि रविवार तड़के करीब 12:45 बजे जुहू स्थित 'शेट्टी टावर्स' पर अज्ञात हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की थी. गनीमत रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ. घटना के कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी ली गई थी. पोस्ट में रोहित शेट्टी को काम में दखल न देने की चेतावनी देते हुए इसे महज एक 'ट्रेलर' बताया गया था.
सुरक्षा और फॉरेंसिक जांच तेज
मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से कारतूस के खोखे और अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पकड़े गए संदिग्धों की सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों से क्या भूमिका है.
रोहित शेट्टी, जो 'सिंघम' और 'गोलमाल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, को पहले भी धमकियां मिलने की खबरें आई थीं. इस ताजा हमले ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 01, 2026 02:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

