अनंत कुमार का अंतिम संस्कार आज, पीएम मोदी के अलावा अमित शाह और राजनाथ सिंह भी हो सकते हैं शामिल
अनंत कुमार के पार्थिव शरीर को मंगलवार सुबह 9 बजे के बाद बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज ग्राउंड पर रखा गया है, जहां पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे पाएंगे. उनके निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे देश में राष्ट्रध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है.
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार का सोमवार तड़के 2 बजे निधन हो गया. सोमवार को बेंगलुरु में उन्होंने आखिरी सांस ली. वह कैंसर से जूझ रहे थे. अनंत कुमार वर्ष 1996 से दक्षिणी बेंगलुरु से बीजेपी के लोकसभा सांसद थे. अनंत कुमार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कद्दावर मंत्रियों में से एक थे. 59 वर्षीय अनंत कुमार फेफड़े के कैंसर से पीड़ित थे. वह पिछले माह ही अमेरिका व ब्रिटेन से इलाज कराकर लौटे थे. कुछ दिनों से वह बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे. वह कुछ दिनों से आईसीयू में वेंटिलेटर पर थे. उनकी अंत्येष्टि आज पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी.
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात बनारस से सीधे बेंगलुरु पहुंचे. पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर लेने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पहुंचे थे. पीएम मोदी वहां से बसावनागुडी स्थित अनंत कुमार के आवास गए जहां कुमार के पार्थिव शरीर को रखा गया था.
पीएम मोदी ने यहां अनंत कुमार के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की. पीएम मोदी अपने मंत्री अनंत कुमार के पार्थिव शरीर के पास हाथ जोड़े कुछ देर के लिए खड़े रहे. पीएम मोदी ने कुमार की पत्नी तेजस्वनी और उनकी दो पुत्रियों विजेता और ऐश्वर्या को सांत्वना दी. कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला और कर्नाटक बीजेपी प्रमुख बी एस येदियुरप्पा भी मौजूद थे.
अनंत कुमार के पार्थिव शरीर को मंगलवार सुबह 9 बजे के बाद बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज ग्राउंड पर रखा गया है, जहां पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे पाएंगे. उनके निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे देश में राष्ट्रध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है. इसी के मुताबिक राष्ट्रीय शोक भी मनाया जाएगा. उनके अंतिम संस्कार में पीएम मोदी के अलावा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी शामिल हो सकती हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 13, 2018 10:35 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

