Ajit Pawar Plane Crash Update: अजित पवार विमान हादसा मामले में बड़ा अपडेट, 45 दिनों में AAIB सौपेंगी प्रारंभिक रिपोर्ट, दिल्ली भेजा गया ब्लैक बॉक्स
बारामती विमान दुर्घटना की जांच तेज हो गई है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, AAIB अगले 45 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपेगा. विमान का ब्लैक बॉक्स डिकोडिंग के लिए दिल्ली भेज दिया गया है.
Ajit Pawar Plane Crash Update: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की जान लेने वाले बारामती विमान हादसे की जांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है. विमानन दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इस मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट अगले 45 दिनों के भीतर सौंप सकता है. नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुष्टि की है कि विमान का 'ब्लैक बॉक्स' बरामद कर लिया गया है और इसे विश्लेषण के लिए दिल्ली स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है.
ब्लैक बॉक्स और तकनीकी साक्ष्य
मुरलीधर मोहोल ने बताया कि ब्लैक बॉक्स से मिलने वाला डेटा दुर्घटना के कारणों को स्पष्ट करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा, "AAIB की टीम पूरी गहनता से जांच कर रही है. ब्लैक बॉक्स अब दिल्ली में है और मैं खुद जांच की प्रगति को लेकर अधिकारियों के संपर्क में हूं." यह भी पढ़े: Ajit Pawar Dies: अजित पवार के निधन पर शरद पवार की पहली प्रतिक्रिया: ‘यह सिर्फ एक हादसा, राजनीति न करें’
विशेषज्ञों का मानना है कि फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) के विश्लेषण से यह पता चल पाएगा कि क्या यह कोई तकनीकी खराबी थी या खराब दृश्यता (Low Visibility) के कारण पायलट से कोई चूक हुई थी.
28 जनवरी को हुआ हादसा
शुरुआती जांच के अनुसार, 28 जनवरी की सुबह जब लीयरजेट 45 (Learjet 45) विमान बारामती एयरस्ट्रिप पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तब वहां विजिबिलिटी काफी कम थी. एटीसी (ATC) के रिकॉर्ड बताते हैं कि पायलट ने पहली कोशिश में रनवे साफ न दिखने के कारण 'गो-अराउंड' (विमान को दोबारा ऊपर ले जाना) किया था. दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे से महज 200 मीटर पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई.
बारामती एयरस्ट्रिप का होगा विकास
इस दुखद घटना के बाद बारामती एयरस्ट्रिप की सुरक्षा सुविधाओं पर भी सवाल उठे हैं. केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार को इस एयरस्ट्रिप के आधुनिकीकरण में हर संभव मदद का प्रस्ताव दिया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यद्यपि यह एयरस्ट्रिप राज्य सरकार के अधीन है, लेकिन केंद्र इसे अपग्रेड करने के लिए आवश्यक तकनीकी मंजूरी और 'ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सर्वे' (OLS) में सहायता करेगा.
CID भी कर रही है जांच
विमानन विशेषज्ञों की तकनीकी जांच के अलावा, महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले की जांच राज्य आपराधिक जांच विभाग (CID) को भी सौंप दी है. सीआईडी इस बात की पड़ताल करेगी कि क्या इस हादसे के पीछे किसी तरह की साजिश या 'सबोटाज' की संभावना तो नहीं थी. पुणे ग्रामीण पुलिस द्वारा दर्ज 'आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट' (ADR) को भी अब सीआईडी को ट्रांसफर कर दिया गया है.
दुर्घटना में जान गंवाने वाले:
-
अजीत पवार: उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र.
-
कैप्टन सुमित कपूर: मुख्य पायलट (15,000 घंटे का अनुभव).
-
कैप्टन शांभवी पाठक: को-पायलट.
-
विदिप जाधव: निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO).
-
पिंकी माली: फ्लाइट अटेंडेंट.
लैंडिग के दौरान हुआ हादसा
अजित पवार 28 जनवरी को मुंबई से बारामती जा रहे थे. उनका विमान बारामती पहुंच चुका था, इसी दौरान लैंडिंग के दुरन विमान क्रैश हो गया. जिस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 02, 2026 03:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

