UKSSSC Exam Paper Leak: यूकेएसएसएससी परीक्षा पेपर लीक मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार, Google सर्च हिस्ट्री से खुला राज
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Twitter)

देहरादून, 29 जुलाई : उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग 2021 परीक्षा पेपर लीक मामले में नकल माफियाओं के खिलाफ एसटीएफ की सर्जिकल स्ट्राइक जारी है. यूकेएसएसएससी परीक्षा एग्जाम पेपर लीक करने के मामले में अब उत्तराखंड स्थित एक यूनिवर्सिटी के दो कर्मचारियों को देर रात एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दीपक चौहान और भावेश जगूड़ी के कब्जे से इस केस से संबंधित कई साक्ष्य व सबूत एकत्र किए गए हैं. फिलहाल शिकंजे में लिए गए दोनों ही आरोपियों से इस पूरे गोरखधंधे से जुड़े नेटवर्क के विषय में विस्तृत पूछताछ जारी है.

यूकेएसएसएससी परीक्षा पेपर लीक में गूगल सर्च हिस्ट्री ने खोले अहम राज:

उत्तराखंड एसटीएफ के मुताबिक गूगल सर्च हिस्ट्री ने यूकेएसएसएससी परीक्षा परीक्षा पेपर लीक से संबंधित कई अहम राज खोले हैं. जिसके बारे में जांच पड़ताल जारी है. बताया जा रहा है कि एग्जाम से पहली रात को पेपर सॉल्व किए गए थे.

परीक्षा की पहली रात सॉल्व किए गए पेपर:

उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग 2021 स्नातक परीक्षा पेपर लीक मामले में देर रात जिस यूनिवर्सिटी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, उनसे अभी तक की पूछताछ में कई अहम जानकारी प्राप्त हुई हैं. आरोपियों ने बताया कि एग्जाम से एक रात पहले देहरादून में पेपर सॉल्व किए गए थे. इस खुलासे को लेकर एसटीएफ को अहम सबूत और अन्य लोगों के भी सुराग हाथ लगे हैं. जिसके चलते आगे कार्रवाई जारी है.

अब तक 9 लोग गिरफ्तार:

बता दें कि उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग 2021 परीक्षा पेपर लीक कर परिणाम गड़बड़ी मामले में अब तक लखनऊ प्रिंटिंग प्रेस कर्मचारी सहित 9 लोग एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं. हालांकि अभी मास्टरमाइंड की तलाश जारी है. यह भी पढ़ें : जम्मू से 835 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना

पेपर सॉल्व कराने और नकल कराने का आरोप:

गिरफ्तार दीपक चौहान और भावेश जगूड़ी यूकेएसएसएससी परीक्षा के पेपर सॉल्व कराने में मदद करते थे. इसके साथ ही ये दोनों शातिर नकल कराने के भी मास्टर थे. उत्तराखंड के यूनिवर्सिटी में कार्यरत जिन दो कर्मचारियों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है इनके द्वारा ही यूकेएसएसएससी 2021 परीक्षा पेपर को सॉल्व कर नकल करायी गयी थी.

दोनों ही आरोपी एग्जाम से एक रात पहले देहरादून पहुंचे. जहां इन्होंने फिल्मी अंदाज में एक गुप्त स्थान में जाकर पेपर लीक करने वालों के साथ मिलकर अगले दिन आने वाले परीक्षा प्रश्न पत्र को सॉल्व किया और नकल की सामग्री भी उपलब्ध कराई. फिलहाल इनके साथ और कितना बड़ा नेटवर्क जुड़ा है, इस बात की पूछताछ और जांच पड़ताल चल रही है.

एसटीएफ को मास्टरमाइंड की तलाश:

जांच पड़ताल की कार्रवाई को तेज करते हुए एसटीएफ इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों में से 2 को सितारगंज लेकर पहुंची है. वहां कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. वहीं दूसरी तरफ लखनऊ प्रिंटिंग प्रेस के गिरफ्तार कर्मचारी को भी एसटीएफ की दूसरी टीम लखनऊ लेकर पहुंची है. जहां से यूकेएसएसएससी परीक्षा प्रश्न पत्र लीक से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है.