आइजोल, 20 दिसंबर मिजोरम में मंगलवार को चार नये कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किये जाने के साथ ही जोरमथांगा मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया।
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने यहां राजभवन में चार नये कैबिनेट मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चार नये कैबिनेट मंत्रियों में लालरिनामा, के. लालरिनलियाना, लालछंदामा राल्ते और लालरुअतकीमा शामिल हैं।
इसके साथ ज़ोरमथांगा मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्रियों की संख्या छह से बढ़कर 10 हो गयी है। मंत्रिमंडल में दो राज्य मंत्री भी शामिल हैं।
के. लालरिनलियाना, लालछंदामा राल्ते और लालरुअतकीमा पहले राज्य मंत्री थे। उन्हें वही विभाग आवंटित किये गये हैं, जो उनके पास राज्य मंत्री के तौर पर थे।
लालरिनलियाना खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों, स्थानीय प्रशासन और मत्स्य पालन मंत्रालय संभालते रहेंगे, जबकि राल्ते शिक्षा, श्रम, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता तथा मुद्रण और स्टेशनरी मंत्री का कार्यभार जारी रखेंगे।
लालरुअतकीमा अपने चार विभागों -ग्रामीण विकास, सूचना और जनसंपर्क, तथा भूमि एवं राजस्व बंदोबस्त का जिम्मा संभालते रहेंगे।
पंद्रह दिसंबर को राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले लालरिनामा को आबकारी एवं नारकोटिक्स, पशुपालन और पशु चिकित्सा, समाज कल्याण एवं सेरीकल्चर का प्रभार सौंपा गया है। ये मंत्रालय इससे पहले के. बिछुआ संभाल रहे थे, लेकिन उन्होंने 13 दिसंबर को ज़ोरमथांगा मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY