जयपुर, 22 फरवरी राजस्थान पुलिस ने भरतपुर के दो मुस्लिम युवकों के अपहरण व हत्या के मामले में कथित तौर पर शामिल आठ और लोगों की पहचान कर ली है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इन लोगों के नाम व फोटो जारी करते हुए बुधवार को बताया कि सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं जिनकी हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कानून अपना काम करे और मुलजिम पकड़े जाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कतिपय 'गोरक्षकों' पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘‘ये असामाजिक तत्व हैं जो बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के नाम से काम करते हैं।’’
भरतपुर के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि इस मामले में पहले ही गिरफ्तार रिंकू सैनी से पूछताछ व तकनीकी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर अब तक आठ लोगों का इस घटनाक्रम में स्पष्ट रूप से शामिल होना पाया गया है।
उन्होंने कहा,‘‘ साक्ष्यों के विश्लेषण से अब तक आठ व्यक्तियों की संलिप्तता प्रमाणित हुई है।’’
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के भरतपुर जिले में पहाड़ी तहसील के घाटमीका गांव के रहने वाले नासिर (25) और जुनैद (35) के बुरी तरह जले शव भिवानी के लोहारू में जले हुए वाहन जीप में मिले थे। इन दोनों का एक दिन पहले 15 फरवरी को कथित रूप से कुछ 'गोरक्षकों' ने अपहरण कर लिया था।
राजस्थान पुलिस ने परिवार के सदस्यों की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत में नामजद पांच लोगों में से एक रिंकू सैनी को 17 फरवरी को गिरफ्तार किया था। सैनी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 27 फरवरी तक पुलिस हिरासत पर भेज दिया गया।
श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-’ से कहा,‘‘ गिरफ्तार रिंकू सैनी से हुई पूछताछ से पूरे घटनाक्रम का काफी हद तक खुलासा हो गया है और जो लोग इस घटना में शामिल थे, उन लोगों में से भी कई की पहचान हुई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY